👉🏻 चंद रुपयों में अवैध कबाड़ियों के पास बेचे जा रहे कीमती सामान,लोग हलाकान
कोरबा। कोरबा जिले में जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की सख्ती के बीच एक बार फिर अवैध कबाड़ का कारोबार करने वाले सिर उठाने लगे हैं। संगठित तरीके से उनके द्वारा यह कार्य कोरबा शहर से लेकर कोयलांचल और वनांचल क्षेत्र में किया जा रहा है।
ऐसा माना जा रहा था कि पिछले दिनों की गई बड़ी और सख्त कार्रवाई तथा इससे पहले भी किए जा रहे कार्रवाईयों और भारी भरकम अर्थदण्ड के बाद हालात में कुछ सुधार होगा तथा अवैध कबाड़ियों के हौसले पस्त होंगे लेकिन कप्तान की नाक के नीचे उनके ही अधीनस्थों की सरपरस्ती में अवैध कबाड़ी अपना कारोबार फिर से फैला रहे हैं।
आलम यह है कि सरकारी संपत्तियों की चोरी के साथ-साथ लोगों के घरों- दुकानों के भी सामान पर हो रहे हैं। हजारों और कुछ मामलों में लाखों की कीमत मेंआंके जाने वाले ऐसे सामानों को चोरी कर चंद रूपयों की खातिर कबाड़ियों के पास खपाया जा रहा है। शहर और इससे लगे इलाकों के कबाड़ी अड्डे गुलजार हैं। जैसा कि पहले भी यह बात सामने आती रही है कि कबाड़ियों के लिए मुखबिरी थाना-चौकी स्तर पर सक्रिय है और कहीं ना कहीं विभगीय कुछ लोगों की मिलीभगत इसमें संभव है। पिछले दिनों जिस तरह से कप्तान ने डीजल चोरी के बड़े आरोपियों से मेलजोल रखने वाले कुछ पुलिस कर्मियों को निलंबित किया, माना जा रहा था कि ऐसा ही कुछ नजला अवैध कबाड़ियों और उनके सिंडिकेट से जुड़े खाकीधारी लोगों तथा उनकी मुखबिरी करने वालों पर भी गिरेगा लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
यह सोचनीय विषय है कि आखिर कप्तान के फरमान की नाफरमानी करने की हिमाकत कौन-कौन कर रहा है? इन नाफरमानियों के बीच चलते अवैध कबाड़ की दुकानों का चिन्हांकन, इन्हें धंधा चलाने के लिए आवश्यक लाइसेंस प्राप्त है या नहीं, इसकी पड़ताल भी ठंडे बस्ते में चली गई है।
👉🏻 सुराकछार खदान में चोरों ने सुरक्षा गार्डों पर हमला किया
सुराकछार, 3/4 घुड़देवा खदान में सुरक्षा प्रभारी ने बांकीमोंगरा थाना में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया है कि 27 जून की सुबह 5 बजे सुरक्षा गार्ड महेन्द्र पाल सिंह जो खदान पेट्रोलिंग पर था, वह फोन किया और बताया कि 26 जून की रात्रि 11 बजे से सुबह 7 बजे तक परमात्मा, चेतन, जयपाल, विश्वनाथ राठौर, लक्ष्मीनारायण रात्रि खदान सुरक्षा ड्यूटी पर थे। रात्रि लगभग 02.30 बजे कुछ अज्ञात लोग चोरी करने की नीयत से घुड़देवा खदान 3/4 में घुसे थे जिन्हे उक्त सुरक्षा कर्मियों के द्वारा मना किया गया तो उनके द्वारा शासकीय कार्य में बाधा डालते हुये विश्वनाथ राठौर एवं चेतन प्रसाद के साथ हाथ-मुक्का से मारपीट किया गया। मारपीट से दोनो को चोट लगा है जो एसईसीएल अस्पताल में भर्ती है। सुरक्षा प्रभारी अरविंद की रिपोर्ट पर 2 अज्ञात लोगों पर धारा 115(2), 221, 3(5), 331(4)-BNS के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
👉🏻बीएसएनएल के 4-जी टॉवर को बनाया निशाना
लेमरू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अरेतरा स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के 4-जी सैचुरेशन प्रोजेक्ट टॉवर में चोरी की गई। टॉवर में कार्यरत तकनीशियन विक्रम कुमार बियार ने थाना लेमरू में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 26 जून की रात लगभग 12:15 बजे टॉवर अचानक बंद हो गया था। अगले दिन सुबह करीब 9:30 बजे निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचने पर टॉवर से कई महत्वपूर्ण केबलें गायब मिलीं। चोर यहां से बैटरी केबल (70 स्क्वेयर मीटर, लाल-काला), अर्थिंग केबल (10 स्क्वेयर मीटर) तथा सोलर केबल (6 स्क्वेयर मीटर, लाल-काला) चोरी कर ले गए। चोरी गई केबलों की लंबाई लगभग 10-10 मीटर बताई गई है।तकनीशियन के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये है। शिकायत पर थाना लेमरू में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध जुर्म दर्ज कर लिया गया है।





