👉🏻 ददरखुर्द में जमीनखोरी, क्या दोषियों को बचाने का जुगाड़ बनाया जा रहा या अवसर दे रहे अधिकारी..?
कोरबा। शहर से लगे ग्राम दादरखुर्द, तहसील कोरबा में शासकीय घास मद की भूमि पर अवैध कब्जे और जमीन को टुकड़ों में बांटकर बेचने के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आधिकारिक कार्रवाई नहीं होने की शिकायत कलेक्टर से जनदर्शन में की गई है।
शिकायतकर्ता जितेंद्र कुमार साहू ने कलेक्टर को दिए आवेदन में पटवारी का जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत होने के बावजूद शासकीय भूमि से अवैध कब्जा नहीं हटाए जाने और दोषी जमीन दलालों पर कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायत में बताया गया है कि ग्राम दादरखुर्द, प.ह.नं. 21, रा.नि.मं. दादरखुर्द, तहसील व जिला कोरबा में स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 1532, 1533, 1534, 1535 एवं 1536, बांस वाड़ी (ग्रीन लैंड) कुम्हारपारा बोईरमुड़ा से लगी हुई है। इस भूमि पर दादरखुर्द निवासी दुरदेशी यादव पिता सहसराम यादव, चमरासिंह यादव पिता सहसराम यादव, फितरराम यादव पिता रामेश्वर प्रसाद, जितेन्द्र कुमार घाड़गे पिता पुरुषोत्तम राव घाड़गे, नरोत्तम राव घाड़गे पिता लक्ष्मण राव और विनोद राव घाड़गे पिता नक्षत्र राव द्वारा अवैध कब्जा किया गया है।उक्त भूमि को पोड़ीबहार (कोसाबाड़ी) कोरबा निवासी नरेन्द्र कुमार साहू पिता रेशम लाल साहू के पास 1.50 एकड़ शासकीय भूमि को 32,000 रुपये प्रति डिसमिल के हिसाब से 48,00,000 रुपये में विक्रय करने का लिखा-पढ़ी पचास रुपये के स्टांप पेपर में किया गया है। इसके बाद उक्त जमीन को नरेन्द्र कुमार साहू व उसके साथियों द्वारा टुकड़े कर अवैध रूप से प्लॉटिंग करते हुए विभिन्न लोगों को लाखों-करोड़ों रुपये में बेचे जाने और खरीदे गए लोगों द्वारा बाउंड्रीवाल किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि यदि शासकीय भूमि पर इसी तरह कब्जा और प्लॉटिंग जारी रही तो क्षेत्र के विकास के लिए भविष्य में शासन-प्रशासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए शासकीय जमीन की कमी पड़ेगी।
👉🏻पटवारी जांच में शासकीय भूमि दर्ज होने की पुष्टि का दावा
शिकायत में बताया गया है कि इस संबंध में 16 जून 2025 को कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत की गई थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तहसीलदार कोरबा के माध्यम से हल्का पटवारी दादरखुर्द से जांच प्रतिवेदन मंगाया गया। पटवारी द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में उपरोक्त खसरा नंबरों को छ.ग. शासन घास मद में दर्ज होना बताया गया है। वर्तमान में उक्त भूमि पर छोटे-छोटे बाउंड्रीवाल एवं रास्ते का निर्माण किए जाने की पुष्टि भी जांच में की गई है। इसके बावजूद अभी तक जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा उक्त शासकीय भूमि से कथित अवैध कब्जा नहीं हटाया गया और दोषी जमीन दलालों पर कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे जमीन दलालों के हौसले बुलंद हैं।
शिकायतकर्ता जितेंद्र कुमार साहू ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम दादरखुर्द की शासकीय भूमि खसरा नंबर 1532, 1533, 1534, 1535 एवं 1536 में किए गए कथित अवैध कब्जे को हटाया जाए तथा मामले में दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।






