👉🏻 संरक्षण में कबाड़ियों की दुकान शुरू,बढ़ने लगे लोहा चोर
कोरबा। कोरबा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में चोरों की सक्रियता बढ़ने लगी है। घरों के अलावा बाहरी स्थानों, स्कूलों में भी चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं लेकिन बढ़ती चोरी की अपेक्षाकृत चोरों की धर पकड़ कमजोर नजर आ रही है। लोगों का मानना है कि संरक्षण में चंद बड़े कबाड़ियों की दुकान खुल चुकी है और घरेलू कबाड़ की आड़ में चोरी का लोहा, तांबा, पीतल, अल्युमिनियम सहित सरकारी लोहा इन कबाड़ियों के यहां खरीदे जाने के कारण ऐसे सामानों के चोर सक्रिय हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अवैध कबाड़ का कारोबार बंद है लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं कि कुछ थानों के अंतर्गत अधीनस्थों व मैदानी जानकारों के संरक्षण में अवैध कबाड़ लगातार फल-फूल रहा है।
नशापूर्ति सहित कबाड़ियों के लिए काम करने वाले चोरों के बढ़ते आतंक से दहशत बढ़ती जा रही है।
चोरी की कड़ी में दर्री थाना क्षेत्र में घर के अंदर खड़े दोपहिया वाहन के पार्ट्स को शातिर तरीके से चोरी कर लिया गया। एचटीपीएस आवासीय परिसर के अलकनंदा विहार के मकान क्रमांक एफ- 9 निवासी पत्रकार अजय राय के घर 6 जनवरी की रात करीब 1 बजे आंगन में खड़े बुलेट वाहन से नंबर प्लेट, हेड लाईट, हॉर्न सहित कई महंगे पार्ट्स की चोरी कर ली गई। पास में स्थित ऑटो पार्ट्स के दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध युवक कैद भी हुए है। चोरी की लिखित शिकायत अजय राय द्वारा दर्री थाने में की गई, बावजूद कई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
आवासीय परिसर में और विद्युत् संयंत्र के भीतर से भी चोरी बदस्तूर जारी है। क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग पर भी सवालिया निशान हैं। थाना सूत्र बताते हैं कि कुछ मैदानी लोग इलाके के कबाड़ी को संरक्षण दिये हैं।
इसी तरह कोरबा शहर के एमपी नगर कॉलोनी में भी घर के बाहर खड़े कार से चोरी करने की जानकारी सामने आई है।

रात के वक्त चोरों के द्वारा कार के हेडलाइट आदि चोरी करने की कोशिश की गई। उनके भागने की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती इलाके में साइकिल चोरों की सक्रियता बढ़ी है। मोहल्ले से एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें दो किशोर नजर आ रहे हैं।इनमें से मौके की ताक लगाते हुए एक बालक मौका देखकर घर के सामने खड़ी साइकिल को लेकर जाते नजर आ रहा है। यह फुटेज आदिले चौक के निकट का है स्थानीय लोगों की मानें तो इस तरह की वारदात के शिकार और भी लोग हुए हैं।




