👉🏻 विनय ट्रेडर्स को हुए भुगतान पर गंभीर सवाल,भौतिक सत्यापन की मांग
कोरबा-पोड़ी उपरोड़ा। जिले के जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत जटगा में विभिन्न विकास कार्यों और उनके भुगतान को लेकर वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में जटगा निवासी दीपक कुमार गुप्ता ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और कलेक्टर को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता दीपक कुमार गुप्ता का कहना है कि ग्राम के प्रत्येक नागरिक को पंचायत में होने वाले विकास कार्यों और उन पर खर्च की गई राशि की जानकारी लेने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि उन्हें संदेह है कि जटगा पंचायत में विकास की गाथा कहीं केवल कागजों में ही तो नहीं लिखी गई है, जबकि धरातल पर विकास कार्य नजर नहीं आ रहे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत जटगा में ‘विनय ट्रेडर्स, जटगा’ के नाम से विभिन्न सामग्रियों एवं कार्यों के भुगतान से संबंधित प्रविष्टियां ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज हैं। शिकायतकर्ता ने संबंधित प्रतिष्ठान के वास्तविक अस्तित्व, दुकान/व्यावसायिक संचालन तथा भुगतान से जुड़े दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है।
शिकायत में फर्म के GST पंजीयन, व्यापार पंजीयन, PAN सहित अन्य दस्तावेजों की जांच, ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज भुगतान और बिल-वाउचर का मिलान तथा खरीदी गई सामग्री की वास्तविकता एवं उसके उपयोग का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की गई है। इसके अलावा पंचायत के बैंक खाते से किए गए भुगतान, ग्राम पंचायत की संकल्प पुस्तिका में संबंधित फर्म की प्रविष्टियों तथा ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर उपलब्ध भुगतान विवरण का मूल पंचायत अभिलेखों से मिलान कराने की मांग भी की गई है।
दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाती है तो विकास कार्यों और भुगतान से जुड़े सभी तथ्य सामने आ सकते हैं। उनका कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की वित्तीय या प्रशासनिक अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए शिकायतकर्ता ने अधिकारियों से मामले की विस्तृत जांच कर जांच प्रतिवेदन से अवगत कराने की मांग की है। हालांकि शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।




