फटाका फोड़ने से मना करने पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और मारपीट का आरोप
कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के परसाखोला पिकनिक स्पॉट में फटाका फोड़ने से मना करने को लेकर विवाद हो गया। शिकायत के मुताबिक, तीन युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और हाथ-मुक्का के साथ कढ़ाही व कलछूल (चम्मच) से मारपीट की गई। घटना में शिकायतकर्ता सहित तीन युवकों को चोट लगने की बात कही गई है। बालको पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पथर्रीपारा निवासी भूपेन्द्र राठौर 9 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे अपने दोस्त सूरज बरेठ और शंकर पटेल के साथ पिकनिक मनाने परसाखोला गया था। तीनों अपने साथ खाने-पीने का सामान लेकर गए थे। भूपेन्द्र और सूरज नाला में नहाने चले गए, जबकि शंकर खाना रखे स्थान पर बैठा था। नहाने के बाद दोनों कपड़े पहनकर खाना खाने के लिए बैठने वाले थे।
इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे ऊपर से किसी व्यक्ति ने फटाका जलाकर उनकी तरफ फेंक दिया। भूपेन्द्र ने फटाका देखकर जलाने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर उक्त व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि अभी तेरे पास आता हूं और तुझे बताता हूं, मुझे बोलने वाला कौन होता है। इसके बाद वह भूपेन्द्र और सूरज के पास पहुंचा और फटाका फोड़ने से मना करने को लेकर फिर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने हाथ-मुक्का से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसके कई साथी वहां पहुंच गए। इनमें से कुछ लोगों ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया, जबकि दो अन्य लोगों पर भी भूपेन्द्र और सूरज से गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का, कढ़ाही और कलछूल से मारपीट करने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे शंकर पटेल के साथ भी मारपीट की गई। वहां अन्य लोगों के पहुंचने पर सभी आरोपी मौके से चले गए।
मारपीट में भूपेन्द्र के नाक के ऊपर चेहरे और बाईं आंख में, शंकर पटेल के गर्दन एवं दाहिने पैर के घुटने के पास तथा सूरज बरेठ के चेथी में चोट लगने की शिकायत की गई है। घटना के बाद तीनों अपने घर चले गए। बाद में पूछताछ करने पर शिकायतकर्ता को मारपीट करने वालों के नाम दीपक जायसवाल निवासी अयोध्यापुरी दर्री, आकाश जायसवाल निवासी प्रेमनगर दर्री और देव शर्मा निवासी ग्राम लाटा, थाना दर्री के रूप में पता चलने की बात FIR में कही गई है।
बालको पुलिस ने शिकायत के आधार पर दीपक जायसवाल, आकाश जायसवाल और देव शर्मा के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







