बुधवारी बाजार की घटना में ठेका कर्मी ने लिखाई FIR
कोरबा। बुधवारी बाजार में सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को हटाने और समझाइश देने पहुंची नगर निगम की अतिक्रमणरोधी टीम के साथ विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान हटाने की बात पर तीन लोगों ने निगम के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच करते हुए झूमाझटकी की और चाकू व झाड़ू से हमला कर दिया। घटना में एक कर्मचारी के हाथ में चोट लगने की बात रिपोर्ट में कही गई है। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, साडा कॉलोनी निहारिका निवासी मुकेश सारथी नगर पालिक निगम कोरबा के अतिक्रमण दस्ते में लेबर के रूप में कार्यरत हैं। 12 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:15 बजे वे अतिक्रमण प्रभारी के निर्देश पर टीम के अन्य कर्मचारियों गजेन्द्र साहू, निलेश चौहान, पिताम्बर मांझी, रामसिंह कंवर, कार्तिकेश साहू, जितेन्द्र कुमार कलसे, राम जायसवाल और महेश पटेल के साथ बुधवारी बाजार पहुंचे थे।
टीम सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को रास्ता बाधित नहीं करने और दुकानें हटाने की समझाइश दे रही थी। इसी दौरान सूपा-टुकना की दुकान लगाने वाले संतोष, बबलू और पिंकी से दुकान हटाने के लिए कहा गया। रिपोर्ट में आरोप है कि इस दौरान तीनों ने निगम कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच और झूमाझटकी शुरू कर दी। पिताम्बर मांझी का शर्ट फाड़ने तथा बीच-बचाव करने पहुंचे मुकेश सारथी पर झाड़ू और छोटे चाकू से हमला करने का आरोप लगाया गया है।
रिपोर्ट में मुकेश सारथी के हाथ में चाकू लगने और चोट आने का उल्लेख है। साथ ही आरोप है कि तीनों ने अतिक्रमण दस्ते के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की तथा जान से मारने की धमकी दी।
मुकेश सारथी की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने संतोष, बबलू और पिंकी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
KORBA: अतिक्रमणरोधी दस्ता पर चाकू से हमला, जुर्म दर्ज







