👉🏻 कहा- एकता और अखंडता ही हमारी पहचान
कोरबा-पाली-तानाखार। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माखनपुर में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पाली-तानाखार विधायक एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने ध्वजारोहण किया।
उन्होंने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए विधानसभा क्षेत्र, जिलेवासियों, प्रदेश एवं देशवासियों सहित अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इस अवसर पर विधायक मरकाम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एकता और अखंडता ही हमारी पहचान है। देश की प्रगति में युवाओं और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने बच्चों से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उनके द्वारा विद्यालय के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि पाली-तानाखार एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री कुलदीप सिंह मरकाम, प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम टेकाम, विधायक प्रतिनिधि SECL जीतलाल बिंझवार, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी पाली के ब्लॉक अध्यक्ष चन्द्रभवन टेकाम, राय सिंह जगत, ग्राम पंचायत माखनपुर की श्रीमती हेमलता पोर्ते, जनपद सदस्य श्रीमती संगीता कोराम, राधेश्याम टेकाम, निखिल, रामजी ओरकेरा, सनथ श्याम, जयराम मरावी सहित संस्था प्रमुख एस.के. पटेल एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
👉🏻पार्टी कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पाली स्थित पार्टी कार्यालय में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में विधायक श्री मरकाम द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया गया।


















