👉🏻 विधायक ने किसी भी झांसे में नहीं आने अपील की,देखें video
कोरबा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्य, कोरबा जिले के पाली- तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम का मोबाइल हैक कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को उनके पास पार्सल के संबंध में फोन आया और आवश्यक बातचीत के दौरान उनका मोबाइल नंबर हैक कर लिया गया। इसके बाद अज्ञात हैकर्स के द्वारा विधायक श्री मरकाम के व्हाट्सएप नंबर से ही मैसेज कर 76000 रुपये भेजने की बात कही जाने लगी। श्री मरकाम को जैसे ही इसका पता चला कि उनका मोबाइल नंबर हैक कर लिया गया है, उन्होंने अपने तमाम शुभचिंतकों, पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से अपील की है कि किसी भी तरह के झांसे में वे ना आएं। उन्हें किसी भी तरह की आवश्यकता नहीं है।
श्री मरकाम ने कहा है कि साइबर ठगी से जुड़े इस तरह के मामले में लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है। यदि उनके किसी भी मित्र-परिचित के पास रुपए की जरूरत आदि के संबंध में कोई भी मैसेज जाता है तो उसकी पहले पूर्ण रूप से तस्दीक करें, पूछें क्योंकि साइबर फ्रॉड काफी तेजी से बढ़ रहा है। साइबर फ्रॉड होने पर नजदीकी थाना में सूचना और एफआईआर जरूर दर्ज कराएं।




