👉🏻कटघोरा नगर की प्रमुख समस्याओं का निराकरण की मांग
कोरबा-कटघोरा। नगर पालिका परिषद कटघोरा क्षेत्र में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मूलनिवासी किसान संघ छत्तीसगढ़ ने अब आंदोलन का रास्ता अख्तियार कर लिया है। अटल परिसर के समक्ष इन्होंने धरना 11 अगस्त से शुरू कर दिया है।
किसान संघ के प्रमुख लालबहादुर कोर्राम ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को नगर की प्रमुख समस्याओं के निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपकर सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन कोई निराकरण नहीं हुआ। हालांकि, प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर 10 अगस्त को कटघोरा एसडीएम टी.एल. भारद्वाज की मध्यस्थता में नगर पालिका परिषद कटघोरा के सीएमओ मुद्रिका प्रसाद तिवारी एवं मूलनिवासी किसान संघ के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। मांगों पर नगर पालिका की ओर से कोई स्पष्ट एवं ठोस कार्ययोजना या समय-सीमा सामने नहीं रखी गई। संघ ने सीएमओ के जवाबों को गोलमोल बताते हुए कहा कि जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मामलों में स्पष्ट जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।
बैठक के बाद मूलनिवासी किसान संघ ने 11 से 14 अगस्त तक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धरना प्रदर्शन जारी रखने का निर्णय लिया। इस कड़ी में यह धरना 11 अगस्त से प्रारम्भ हो चुका है।
🫵🏻 यह है इनकी मांग
आंदोलनरत संघ ने मुख्य रूप से तीन मांगें रखीं हैं—
- शहर की सड़कों पर घूमने वाले घुमंतू पशुधन की उचित व्यवस्था
- बस स्टैंड परिसर में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा
- बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय में 24 घंटे निर्बाध सेवा के साथ कर्मचारियों की उपलब्धता।
संघ के अध्यक्ष लालबहादुर सिंह कोर्राम ने कहा है कि तीनों समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो 15 अगस्त को सुबह 10 बजे से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
धरना प्रदर्शन में लालबहादुर कोर्राम सहित देव प्रसाद रत्नाकर, सैयद रफीक अहमद, प्रमोद अग्रवाल, शरद कुमार देवांगन, विजय कुमार जायसवाल, धनराज मरकाम, रमेश मरकाम, देव सिंह राम सिंह, अजय कुमार, सुरेन्द्र कंवर आदि शामिल हो रहे हैं।






