👉🏻 सांसद, महापौर, आयुक्त,चेम्बर अध्यक्ष भी पहुँचे SS प्लाजा
कोरबा। शहर के व्यस्त क्षेत्र पावर हाउस रोड के एसएस प्लाजा में आज सुबह हुए अग्नि हादसे में लगभग एक करोड़ रुपए का नुकसान प्रारंभिक तौर पर आंकलित किया जा रहा है। यह राशि बढ़ भी सकती है। बालाजी बर्तन/इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठान पूरी तरह से जल चुका है जबकि पद्मिनी ज्वेलर्स का भी अधिकांश हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। शुभकामना साड़ी तक इस आग को पहुंचने से पहले बुझा लिया गया किन्तु आंशिक प्रभाव पड़ा है। घटना से व्यापारी वर्ग दहला हुआ है। एसएस प्लाजा की दुकानें आज बन्द रखी गई हैं।
समाचार लिखे जाने तक आग के प्रभाव को पूरी तरह से नष्ट करने में 5 घण्टे लग गए। एक दर्जन से अधिक फेरे दमकल वाहनों ने लगाए हैं। घटनास्थल पर सूचना उपरांत पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष योगेश जैन, नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, सीएसपी भूषण एक्का भी पहुंचे। कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना महन्त भी घटनास्थल पहुंचीं और जायजा लिया।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने इस अग्नि हादसे पर कहा कि आग पर काबू पाने के लिए पूरा तंत्र काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद हादसे की सही वजह सामने आ सकेगी किंतु प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है। इस तरह की घटना के लिए उन्होंने विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था को आड़े हाथों लिया कि पुनरावृत्ति न हो।
कहा कि बिजली विभाग जहां-तहां ट्रांसफार्मर लगा देता है। उसकी व्यवस्था लचर है और लचर व्यवस्था के कारण शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका निगम को भी इस तरह के मामलों में अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभानी होगी और जहां भी विद्युत कनेक्शन लेने और विद्युत वितरण व्यवस्था में लापरवाही पूर्ण कार्य नजर आए, जहां तहां ट्रांसफार्मर लगा दिए जाने की बात हो, ऐसे मामलों में उसे कार्रवाई करनी चाहिए।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि जिला प्रशासन, नगर निगम के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। दमकल वाहनों को सूचना दी गई जो मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। जिला चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष ने बताया कि इस अग्नि हादसे में लगभग एक करोड रुपए का नुकसान आंकलित है।
0 दमकल पहुंचने में विलंब हुआ, व्यवस्था सुधारें
बालाजी प्रतिष्ठान की संचालिका ने इस बात पर नाराजगी जताई कि दमकल वाहन पहुंचने में विलंब हुआ। इस तरह की अव्यवस्था में सुधार करने की जरूरत है ताकि समय पर दमकल वाहन पहुंच सके और आग जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई हो पाए।





