रायपुर। देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त और प्रधानमंत्री को लेकर सोशल मीडिया में जारी किए गए एक वीडियो के मामले में अपराध दर्ज होने के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी की फरारी को लेकर पार्टी ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। पार्टी प्रवक्ता एवं प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर अमित जोगी की ओर से ईमेल के माध्यम से भेजा गया जवाब और उनका पक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि अमित जोगी फरार या गायब नहीं हैं, बल्कि 2 नवंबर से 8 नवंबर तक पूर्व निर्धारित निजी कार्यक्रम के तहत प्रदेश से बाहर हैं। 9 नवंबर को प्रदेश लौटने के बाद वे स्वयं थाने में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखेंगे और जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अमित जोगी के फरार होने अथवा गायब होने की खबरें पूरी तरह भ्रामक एवं निराधार हैं। निलेश चौहान ने थाना प्रभारी को अमित जोगी का ईमेल के माध्यम से भेजा गया जवाब सौंपते हुए उनकी स्थिति से अवगत कराया।
पार्टी के मुताबिक, अमित जोगी 2 नवंबर से 8 नवंबर तक पूर्व निर्धारित निजी कार्यक्रम के तहत प्रदेश से बाहर हैं। ईमेल के माध्यम से पुलिस को उनकी स्थिति की जानकारी दे दी गई है। प्रदेश लौटने के बाद 9 नवंबर को वे स्वयं थाने में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखेंगे।
पार्टी ने कहा है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को एफआईआर से जोड़कर फरार होने की अफवाह फैलाना अनुचित है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने कानून का सम्मान करने और न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा होने की बात कही है।
पार्टी ने मीडिया और आम नागरिकों से भी अपील की है कि तथ्यों की पुष्टि किए बिना भ्रामक खबरें और अफवाहें न फैलाएं।
अमित जोगी की फरारी को भ्रामक बताया पार्टी ने, कहा- 9 नवंबर को थाने में खुद होंगे पेश





