👉🏻 गुमशुदगी के 8 मामलों में विभिन्न थानों में दर्ज हुई एफआईआर
कोरबा। कोरबा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासरत महिलाएं-युवती और युवकों के हाल-फिलहाल व पिछले कई महीने से लापता हो जाने के मामलों में गुम इंसान के साथ-साथ अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की आशंका पर जुर्म दर्ज कर पता-तलाश किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक बांगो थाना अंतर्गत ग्राम सासिन निवासी महावीर मरकाम ने बताया कि उसकी पत्नी श्रीमती रेखा मरकाम 26 वर्ष 17 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 9 बजे बैंक के काम से जटगा जा रही हूं, कहकर पुत्री साक्षी मरकाम उम्र 2 वर्ष 6 माह को साथ लेकर निकली है, जो आज तक घर वापस नहीं आई है। रेखा मरकाम को कोई अज्ञात व्यक्ति अपहरण कर लिया है,की रिपोर्ट पर धारा 140(3) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
👉🏻 दिल्ली गई बेटी से सम्पर्क नहीं हो रहा
ग्राम सरभोंका, थाना बांगो निवासी सोनमतिया धनुहार 24 वर्ष 12 नवम्बर 2025 को दोपहर लगभग 3 बजे अपनी सहेली सरिता धनुहार के साथ काम करने के लिये दिल्ली जाने के नाम पर निकली, जो आज तक घर वापस नहीं आई है। मॉं श्रीमती चन्द्रकला पति उजियार सिंह धनुहार 55 वर्ष ने गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बेटी सोनमतिया ने दिल्ली पहुंचकर फोन से बातचीत की थी और विगत 8 माह से उसके मोबाईल नंबर पर बीच-बीच में बातचीत होती रहती थी। बातचीत में पूछने पर झाडू-पोछा का काम करना, 10 हजार रूपये महिना मजदूरी मिलना एवं अच्छे से रहना बताई थी, किंतु 20 जुलाई 2026 के बाद से उसका मोबाईल बंद बता रहा है, किसी प्रकार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। उसकी पहचान में मॉं ने बताया कि उसके बांये हाथ के बीच की तीन उंगली बचपन से नहीं है तथा कोहनी के पास बचपन से गठान होने से मोटा है एवं दोनों पैर के पिंडली में बचपन से पायलनुमा गड्ढा गोल निशान है। रिपोर्ट पर गुम इंसान क्रमांक 27/2026 कायम कर पतासाजी में लिया गया है।
👉🏻 जून से लापता है समारो बाई
एक अन्य मामले में बैशाखूराम की पत्नी श्रीमती समारो बाई बिंझवार उम्र 25 वर्ष,निवासी ग्राम बंजारी रावणभांठा थाना बांगो 10 जून 2026 को शाम लगभग 7 बजे घर से बिना बताये कहीं चली गई, जो आज तक घर वापस नहीं आई है। समारो बाई बिंझवार को कोई अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण कर लिए जाने की आशंका पर धारा 140(3) BNS का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
👉🏻 3 बच्चों को छोड़कर गई तीसरी पत्नी
इसी तरह ग्राम दम्हामुड़ा महुआ पारा निवासी लालचंद सारथी की पत्नी थुनिया लापता हो गई है। उसने कोरबी चौकी में बताया कि थुनिया बाई उसकी तीसरी पत्नी है। उससे जीवित सन्तान 2 लड़का व 1 लड़की हैं जिनकी उम्र 4 से 9 वर्ष के मध्य है। पत्नी थुनिया बाई 23 सितम्बर 2026 के सुबह करीबन 9 बजे घर में बिना बताये तीनों बच्चों का छोड़कर कही चली गई। आस पास, रिश्तेदारो में पता तलाश किया किन्तु कुछ पता नहीं चल रहा है। लालचंद को आशंका है कि उसकी पत्नी को कोई अज्ञात व्यक्ति अपने कब्जे में कैद कर के रखा है। वह साथ में जियो कंपनी का मोबाईल रखी है, और घर में रखे 10 हजार रुपए को भी लेकर गई है। पसान थाना में लालचन्द सारथी की रिपोर्ट पर अज्ञात के विरुद्ध धारा 140(3)-BNS का जुर्म दर्ज कर पतासाजी किया जा रहा है।
👉🏻 मॉ के लापता होने की रिपोर्ट बेटी ने लिखाई
कोतवाली थाना अंतर्गत कुम्हार मोहल्ला सीतामणी निवासी जानकी यादव पति लहुरमन यादव 50 वर्ष, 25 सितम्बर को सुबह 7 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गयी आसपास एवं रिश्तेदारों में पता करने से कुछ पता नहीं चल रहा है। लापता जानकी की पुत्री ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति अपने साथ भगा कर ले गया है।
👉🏻 मायके जाने निकली पत्नी का पता नहीं
दीपका थाना अंतर्गत टावर मोहल्ला निवासी संतोष कुमार डंसेना पिता लगन साय 38 वर्ष मूल पता ग्राम बैरागी थाना कापू जिला रायगढ की पत्नी रमला बई 32 वर्ष लापता है। पति ने बताया कि करीब 7 माह से दीपका क्षेत्र के रूंगटा कम्पनी में काम लगने से पत्नी के साथ आकर रह रहा है और कोई बाल बच्चा नहीं। उसकी पत्नी 04 अगस्त 2026 को दीदी गुरबारी बाई के घर ज्योतिनगर दीपका गई जो लगभग 1:30 बजे दीदी कर घर से मायके जा रही हूं कहकर निकली किन्तु आज दिनांक तक घर वापस नहीं आई है। पति को यकीन है कि कोई अज्ञात व्यक्ति पत्नी को प्रलोभन देकर अपने साथ ले गया है। सूचना पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 140(3) BNS का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
👉🏻शिक्षक की पत्नी लापता
दीपका थाना इलाके से एक और महिला लापता हुई है। छेदी लाल मरकाम पिता समार सिंह मरकाम उम्र 49 वर्ष ग्राम गिधौरी थाना उरगा में रहता है व हेडसपुर में शिक्षक पदस्थ है। उसकी नव ब्याहता पत्नी अर्चना मरकाम करीब एक माह से अपने मायके सिरकी गांधीनगर में रह रही थी जो 22 जुलाई 2026 को लगभग 12 बजे से घर से बिना बताये कहीं चली गई। काफी तलाश के बाद पति को यकीन है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी पत्नी को प्रलोभन देकर अपने साथ ले गया है। गुमशुदगी की सूचना पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 140(3) BNS का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
👉🏻 एक युवक भी लापता
इसी तरह सूचक परमेश्वर पिता राय सिंह कुशरो 36 वर्ष निवासी ग्राम बंजारी रापेरपारा बंजारी थाना बांगो में बताया कि उसका भाई तुलेश्वर सिंह कुशरो 26 वर्ष 12 मई 2026 को सुबह लगभग 11 बजे घर से कटघोरा के शारदा राईस मिल में काम करने जा रहा हूं कहकर निकला है, जो आज तक घर वापस नहीं आया है। पूर्व में भी वह वहां काम करने गया था, इसलिये पता-तलाश नहीं कर रहे थे। तुलेश्वर सिंह का मोबाइल नम्बर बंद बताया तब शारदा राईस मिल में पता किये तो मालूम हुआ कि वहां काम करने नहीं गया है। आसपास, गांव-रिश्तेदारी में पतासाजी पर कोई पता नहीं चला है।





