कोरबा-कटघोरा। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कटघोरा में चोरों ने ऐसी सेंध लगाई कि मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) की पूरी व्यवस्था ही अस्त-व्यस्त कर दी। 18-19 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने पहले मध्यान्ह भोजन गृह का ताला तोड़ा, फिर आराम से राशन और बर्तन समेटकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, मुख्य भवन का ताला तोड़कर पानी के नलों के पाइप और फिटिंग तक उखाड़ ले गए।
प्राचार्य महेंद्र सिंह कंवर की शिकायत के अनुसार चोर 4 कट्टी चावल, 5 किलो खाद्य तेल, हल्दी, मिर्च-मसाला, 2 कड़ाही, 2 कुकर, 2 गंजा, 100 थालियां, 100 चम्मच तथा एक खाली गैस सिलेंडर तक अपने साथ ले गए। वारदात के बाद स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
हैरानी की बात यह है कि चोर केवल कीमती सामान तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि भवन में लगे पाइप और नलों की फिटिंग भी उखाड़ ले गए। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है, जब चोर इत्मीनान से ताले तोड़कर पूरा सामान समेट ले जाते हैं और किसी को भनक तक नहीं लगती।
प्राचार्य की लिखित शिकायत पर कटघोरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 305(ए) एवं 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संदिग्धों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
👉🏻 भीतर के चोरों की भी चर्चा तेज हुई
आत्मानंद स्कूल में हुई चोरी की चर्चा क्षेत्र में होने के साथ ही इस बात की भी चर्चा है कि बाहर के चोरों पर तो एफआईआर दर्ज कर ली गई लेकिन भीतर के चोरों पर कब गाज गिरेगी? स्थानीय जानकारों का आरोप है कि आत्मानंद स्कूल में 90 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए लेकिन यह नजर नहीं आते। अगर नजर आते हैं तो कहां हैं? यहां बच्चों के लिए महंगी टीवी भी लगवाई गई लेकिन उसमें भी गफलत की गई है। इसके अलावा कालांतर में आत्मानंद स्कूलों के लिए कई तरह के सामानों की खरीदी में भी व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी करने के साथ ही कम कीमत के सामानों का अधिक कीमत दर्शाकर बिल भुगतान प्राप्त किया गया है। डीएमएफ के पैसे की जमकर बंदरबांट हुई है। आरोप तो यह भी है कि यहां के पूर्व प्राचार्य ने एक महंगा टीवी बेच खाया या फिर खरीदी में दिखा दिया गया, बिल पास हो गया लेकिन वह टीवी यहां लगा ही नहीं। हालांकि यह सभी पुराने आरोप हैं जिनकी जांच होगी भी या नहीं, कुछ कहा नहीं जा सकता।
KORBA:आत्मानंद स्कूल में चोरी,चावल से लेकर थाली-चम्मच,सिलेंडर, नल तक ले गए








