कोरबा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पाली-बांगो मार्ग पर ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य तेज रफ्तार के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क पर निगरानी बढ़ाते हुए तेज गति से चलने वाले वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर चालानी कार्रवाई की। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की समझाइश भी दी गई।
यातायात ASI मनोज कुमार राठौर ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नीतीश ठाकुर तथा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।






