👉🏻SBI पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने दिया अंजाम
कोरबा-दीपका। SBI का पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर फोन कर YONO का पासवर्ड बताना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। बातचीत के बाद उसके साथ करीब 5 लाख रुपए की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत सामने आई है। मामले में State Cyber Police Station, छत्तीसगढ़ से e-Zero FIR थाना दीपका को नंबरीकरण के लिए प्राप्त हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता राजेंद्र कुमार ने ऑनलाइन शिकायत में बताया है कि उसे SBI पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर फोन आया था। फोन करने वाले ने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उससे YONO का पासवर्ड पूछ लिया। इसके बाद उसके साथ ऑनलाइन बैंकिंग से संबंधित धोखाधड़ी हो गई। शिकायत में संपत्ति/राशि की कुल कीमत ₹5 लाख बताई गई है।
मामले में धारा 318(4) BNS का अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत में मोबाइल नंबर 9558879253 का उल्लेख है, उसके आधार पर संबंधित व्यक्ति की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
👉🏻 फोन पर किसी को न बताएं गोपनीय कोड
पेंशन कार्ड के नाम पर साइबर ठगी के इस मामले से एक बार फिर यह बात सामने आई है कि बैंकिंग से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया के नाम पर फोन करने वाले व्यक्ति को YONO पासवर्ड, OTP, PIN या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी नहीं देनी चाहिए। बैंक अथवा किसी अधिकृत संस्था के नाम पर फोन आने पर भी पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करना जरूरी है। ज्यादा बेहतर होगा कि आप फोन पर जानकारी देने की बजाय सम्बन्धित बैंक जाकर, कारण पूछकर पिन या कोड दीजिए।




