👉🏻 मामला उछला तो पेंट-ब्रश लेकर पहुंचे और “सम्भावित” जोड़ कर बात बनाया,देखें VIDEO
👉🏻 छुईयापारा से मेन रोड तक 5 माह में होना था निर्माण,आज तक एक इंच काम शुरू नहीं
👉🏻जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का भ्रष्टाचार के खिलाफ हल्ला बोल
कोरबा। शनिवार को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला अध्यक्ष जैनेन्द्र कुर्रे एवं जिला सचिव महावीर यादव ने कोरबा जिले के ‘छुईहापारा से मेन रोड तक’ (कोरबी हरदी बाजार अंतर्गत) स्वीकृत मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना (पैकेज नं. 25) के निर्माण का मामला प्रमुखता से उजागर किया।
उनके स्थल निरीक्षण के दौरान शासकीय सूचना बोर्ड पर तो 0.5 कि.मी. सी.सी. सड़क व नाली निर्माण की लागत ₹44.63 लाख दर्ज पाई गई और कार्य पूर्णता की तिथि 7 मई 2026 भी बीत चुकी है, परंतु मौके पर न तो सड़क बनी है और न ही नाली। धरातल पर केवल कच्ची सड़क, मिट्टी, गड्ढे और कीचड़ नजर आ रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा की। सड़क और नाली न बनने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में हो रही भारी परेशानियों को सुना। ठेकेदार और विभाग की इस लापरवाही को लेकर स्थानीय निवासियों में आक्रोश देखा गया।
जिला सचिव महावीर यादव ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस गंभीर मामले को लेकर संबंधित विभाग (पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग) और क्षेत्रीय विधायक को पत्राचार किया जाएगा। साथ ही उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की जाएगी। पार्टी द्वारा ग्रामीणों के साथ मिलकर जिला मुख्यालय स्तर पर उग्र जन-आंदोलन की भी चेतावनी दी गई, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
👉🏻 ठेकेदार को अर्थाभाव, जल्द बनेगी सड़क

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी द्वारा कोरबी-छुईहापारा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य का मामला प्रमुखता से उजागर करने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी दौड़े-भागे गांव पहुंचे।

इस दौरान एक व्यक्ति ने कार्य संबंधी सूचक बोर्ड में कार्य पूर्णता तिथि के सामने “सम्भावित” लिखकर कार्य की अनिश्चितता का मार्ग प्रशस्त कर दिया।
👉🏻 आर्थिक समस्या कार्य में बाधक
विभागीय अधिकारियों द्वारा जोहार छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों को बताया गया कि सड़क निर्माण का कार्य आगामी समय में पूर्ण कराया जाएगा। जिसे ठेका मिला है,उस ठेकेदार द्वारा निर्धारित कार्य अभी तक शुरू भी नहीं किया गया है, पूर्ण की बात छोड़िए। आर्थिक/वित्तीय समस्या के कारण वर्तमान में कार्य अप्रारम्भ/अपूर्ण होना इंजीनियर ने बताया।


















