शिक्षकों के समर्पण एवं योगदान को किया गया नमन, पुष्पगुच्छ, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर किया सम्मानित
कोरबा। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर लायंस क्लब ऑफ कोरबा एवं लायंस क्लब शिक्षण समिति द्वारा संचालित लायंस इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल, सीतामढ़ी एवं लायंस स्कूल टी.पी. नगर के शिक्षक-शिक्षिकाओं के सम्मान में लायंस स्कूल ऑडिटोरियम, टी.पी. नगर, कोरबा में गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर तथा भारत के महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि लायन श्रीकांत बुधिया, चेयरमैन, लायंस क्लब ऑफ कोरबा ट्रस्ट उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि एमजेएफ लायन राजकुमार अग्रवाल (श्वेता), चेयरमैन, लायंस स्कूल सीतामढ़ी एवं लायन राजकुमार अग्रवाल (उत्सव), चेयरमैन, लायंस स्कूल टी.पी. नगर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर लायन अरविन्द साहू, प्रथम उपाध्यक्ष, लायंस क्लब ऑफ कोरबा रहे।
इसके अतिरिक्त एमजेएफ लायन एस.के. अग्रवाल, लायन नन्दकिशोर अग्रवाल, लायन भगवती अग्रवाल, लायन बी.एम. शर्मा, लायन पुरुषोत्तम अग्रवाल, लायन मन मोहन यादव एवं लायन राजेन्द्र डागा सहित लायंस क्लब एवं विद्यालय परिवार के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
शिक्षकों के समर्पण को सराहा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपस्थित अतिथियों ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एमजेएफ लायन राजकुमार अग्रवाल (श्वेता), चेयरमैन, लायंस स्कूल सीतामढ़ी ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सदैव अपने गुरुजनों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना चाहिए तथा जीवन में गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखनी चाहिए।
उन्होंने विद्यालय के सुचारु संचालन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए उनके निष्ठापूर्ण कार्य, समर्पण एवं निरंतर प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
पुष्पगुच्छ, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर किया सम्मान
समारोह के दौरान दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को पुष्पगुच्छ, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते हुए शिक्षकों में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय परिवार ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री एस.डी. केवड़ा द्वारा किया गया। वहीं एमजेएफ लायन एस.के. अग्रवाल ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में प्राचार्य श्री जी.आर. हंस, प्राचार्य श्री रमेश शर्मा सहित दोनों विद्यालयों के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
उक्त जानकारी लायंस इंग्लिश हायर सेकेण्ड्री स्कूल, सचिव मन मोहन यादव के द्वारा दी गई ।
शिक्षक दिवस पर लायंस स्कूल के शिक्षकों का सम्मान






