रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर में नायब तहसीलदार विपिन पटेल के जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में वे सड़क पर गाड़ी की डिक्की खोलकर केक काटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान सलमान खान की फिल्म का गाना ‘ओ-ओ जाने जाना’ बजता है और आतिशबाजी भी की जाती है।
वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर इस तरह जश्न मनाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सार्वजनिक सड़क पर वाहन रोककर केक काटने और आतिशबाजी करने से यातायात तथा सड़क सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका रहती है।
👉🏻 मामला तब सुर्खियों में आया, जब प्रदेश में RTI के जरिए मुद्दे उठाने के लिए चर्चित कुणाल शुक्ला ने वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया।
वायरल वीडियो में कार क्रमांक CG-04-NY-1910 में जन्मदिन मनाते हुए दृश्य दिखाई देते हैं। डिक्की में दो केक और हैप्पी बर्थडे’ का टैग नजर आता है। इसके बाद केक काटा जाता है और आतिशबाजी होती है। पूरा जश्न कैमरे में कैद कर रील के रूप में सोशल मीडिया पर साझा किया गया है।
👉🏻हाईकोर्ट पहले ही जता चुका है सख्ती
सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने के मामलों में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पहले भी सख्त रुख अपना चुका है। अदालत ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। फिलहाल वायरल इस वीडियो के मामले में प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
👉🏻 उठाए गए सवाल
रायपुर में सार्वजनिक सड़क पर केक काटने और आतिशबाजी करने के संबंध में उच्च न्यायालय के निर्देशों के कथित उल्लंघन के बारे में शिकायत दर्ज की गई है। वीडियो पोस्ट करते हुए कुणाल शुक्ला ने तीखे अंदाज में लिखा, “लाट साहब उर्फ तहसीलदार साहब, अब जरा मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) की प्रासंगिक धाराएं समझ लीजिए।”उन्होंने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 122 का हवाला दिया, जो सार्वजनिक स्थान पर वाहन को ऐसी स्थिति में खड़ा करने से संबंधित है, जिससे दूसरे सड़क उपयोगकर्ताओं को खतरा, बाधा या अनुचित असुविधा हो सकती है। शुक्ला ने Rules of the Road Regulations, 1989 के विनियम 15 का भी उल्लेख किया। उनकी पोस्ट में धारा 177 और धारा 201 का जिक्र करते हुए यातायात बाधित होने की स्थिति पर सवाल उठाए गए हैं।






