👉🏻 महिला अधिवक्ताओं व लोगों ने मांगा त्वरित व कठोर न्याय
कोरबा। ग्राम रजगामार में कुंठित और दूषित मानसिकता वाले कथित नशेड़ी की वहशियत का शिकार हुई 7 वर्षीया मासूम स्व. भव्या जोशी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जिला अधिवक्ता संघ, कोरबा की महिला अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर आक्रोश व्यक्त किया। सुभाष चौक निहारिका में जुटे लोगों ने कैंडल (मोमबत्ती) जला कर अपनी श्रद्धांजलि दी।
इस आवाज में कोरबा के गणमान्य एवं जिम्मेदार नागरिकों, महिलाओं और बच्चों ने भी अपनी भागीदारी निभाई।

अधिवक्ता अब्दुल नफीस खान ने कहा कि यह किसी एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज की चिंता है। आज महिला अधिवक्ताओं और जागरूक नागरिकों ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि बेटियों की सुरक्षा और न्याय की मांग में समाज चुप नहीं रह सकता।
शहर में लगातार अपराध बढ़ रहा है। लगातार ये दूसरी हत्या की घटना है। आवाज बुलंद करने वाले सभी महिला अधिवक्ताओं, आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आनंद सिंह और जागरूक नागरिकों ने मासूम भव्या को विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि हम भव्या को न्याय दिलाने उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। भव्या को शीघ्र न्याय मिले और दोषी को एक माह के भीतर फांसी की सजा हो,यही उम्मीद न्यायपालिका से की गई है।






