कोरबा। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आनंद सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।
आनंद सिंह ने कहा कि हाल ही में निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर गंभीर सवाल सार्वजनिक हुए हैं। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं पर कई बार लिखित आपत्तियां दर्ज की हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है। इसलिए मतदाता सूची, नए मतदाताओं के पंजीकरण और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मामलों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सार्वजनिक विश्वास सर्वोपरि होना चाहिए।
आनंद सिंह ने कहा, “जब निर्वाचन आयोग के भीतर ही महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को लेकर सवाल और आपत्तियां सामने आ रही हैं, तो मुख्य निर्वाचन आयुक्त को इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।”
उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि पिछले एक वर्ष में आयोग के सभी निर्णय पूर्ण आयोग के सर्वसम्मत निर्णय रहे हैं।
आनंद सिंह ने मांग की कि पूरे विवाद से जुड़े दस्तावेज और निर्णय प्रक्रिया सार्वजनिक की जाए तथा जनता के बीच चुनाव आयोग की विश्वसनीयता को लेकर उठे सवालों का स्पष्ट जवाब दिया जाए।
चुनाव आयोग पर उठे सवाल, ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा दें: आनंद सिंह





