रायपुर/कोरबा। अटल नगर नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में 18 नवंबर 2026 को आयोजित दीप मिलन समारोह में प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पुष्पगुच्छ भेंट कर दीप मिलन की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ निगम-मंडल एवं आयोगों के सदस्य तथा विभिन्न सामाजिक और कर्मचारी संगठनों के प्रदेश अध्यक्ष एवं उनके चुनिंदा पदाधिकारी आमंत्रित किए गए थे। मानिकपुरी पनिका समाज महानगर रायपुर के अध्यक्ष प्रेमदास मानिकपुरी सहित समाज के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समारोह में आमंत्रित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आमंत्रित अतिथियों के लिए भोजन एवं मिष्ठान की व्यवस्था की गई थी। जनसंपर्क विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित पुस्तिकाएं और पाम्पलेट भी वितरित किए गए।
राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के बाद आयोजित इस दीप मिलन समारोह को सामाजिक संगठनों की सहभागिता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के विकास, प्रगति और जनता की खुशहाली की कामना के साथ सभी से संवाद किया।
समारोह में प्रांतीय मानिकपुरी पनिका समाज छत्तीसगढ़ और मानिकपुरी पनिका समाज महानगर रायपुर से डॉ. ललित कुमार मानिकपुरी, पाली जिला कोरबा से पुष्पेन्द्र महंत, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ, राजेश दास मानिकपुरी प्रदेश प्रवक्ता, संजय दास मानिकपुरी प्रदेश कोषाध्यक्ष, प्रेम दास मानिकपुरी अध्यक्ष महानगर रायपुर, नामेश्वर दास मानिकपुरी उपाध्यक्ष, गणेश दास मानिकपुरी सचिव, पुष्पाकर दास मानिकपुरी मीडिया प्रभारी, विष्णु दास मानिकपुरी संगठन सचिव और राम दास सह सचिव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।






