कोरबा। महाप्रबंधक एस.ई.सी.एल. कोरबा क्षेत्र को ज्ञापन सौंपने के बाद सराईपाली खुली खदान में संचालित ठेका कंपनी VINAY KUMAR UPADHYAY के विरुद्ध आंदोलन किया गया। कार्यरत् श्रमिकों के शोषण के संबंध में आवाज बुलंद की गई।
कोयला मजदूर पंचायत ( HMS) के केन्द्रीय उपाध्यक्ष गजेन्द्र पाल सिंह तंवर ने बताया कि सराईपाली खुली खदान में कोयला एवं मिट्टी खनन हेतु खदान में कार्यरत् आउट सोर्सिंग कंपनी VINAY KUMAR UPADHYAY द्वारा नियोजित श्रमिकों को निर्धारित से काफी कम वेतन का भुगतान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बहुत सी विसंगतियां वहां विद्यमान है। आये दिन उक्त कंपनी के द्वारा कार्यरत् ठेका श्रमिकों को मन मर्जी तरीके से काम से बैठा दिया जा रहा है। इस तरह से लगातार श्रमिकों का शोषण जारी है। इस संबंध में कई बार पत्र व्यवहार करने के पश्चात् भी समस्या पर आज दिनांक तक किसी भी प्रकार पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
बाध्य होकर संगठन द्वारा पूर्व् घोषणा अनुसार 09 जनवरी को एस.ई.सी.एल. कोरबा एरिया में धरना/प्रदर्शन / आंदोलन किया गया। मजदूरों को कम वेतन देने पर आपत्ति जताई गई। इस दौरान मांगों को पूरा करने के लिए कम्पनी प्रबन्धन से आग्रह किया गया।
👉🏻श्रमिकों से संबंधित मांग पत्र
(1) सराईपाली खुली खदान में पूर्व में कार्यरत् ड्राइवरों, आपरेटरों की पूर्ण रूप से बहाली
(2) सराईपाली खुली खदान में नियोजित सभी ठेका श्रमिकों का निर्धारित वेतन जो अभी तक कम भुगतान हुआ है, उसका एरियर्स सहित भुगतान किया जाए ।
(3) सराईपाली खुली खदान में नियोजित सभी ठेका श्रमिकों को वेतन पर्ची देना सुनिश्चित किया जाए व सभी को पहचान पत्र जारी हो ।
(4) सराईपाली खुली खदान में नियोजित सभी ठेका श्रमिकों का निर्धारित फार्म में टाइम आफिस में हाजरी लगाना सुनिश्चित किया जाए ।
(5) सराईपाली खुली खदान में नियोजित सभी ठेका श्रमिकों को सी.एम.पी.एफ. का सदस्य बनाया जाए व सबके वेतन से नियमित सी.एम.पी.एफ. की कटौती की जाए व उनके वेतन से अब तक किये गये सी.एम.पी.एफ. की कटौती का हिसाब दिया जाए ।
(6) सराईपाली खुली खदान में नियोजित सभी ठेका श्रमिकों का व्ही.टी.सी. व पी.एम.ई. सुनिश्चित किया जाए ।
(7) सराईपाली खुली खदान में नियोजित सभी ठेका श्रमिकों को नियुक्ति पत्र एवं परिचय पत्र प्रदान किया जाए ।
(8) सराईपाली खुली खदान में नियोजित सभी ठेका श्रमिकों का नियमानुसार छुट्टी दी जाए। इसमें किसी तरह का भेदभाव न हो ।
(9) सराईपाली खुली खदान में कंपनी द्वारा संचालित अवैध कैम्प को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए।




