कोरबा-छुरीकला। नगर पंचायत छुरीकला क्षेत्र में शासकीय जमीन को कब्जा कर खरीदी-बिक्री का खेल लम्बे समय से चल रहा है। यहां तक कि गौचर भूमि, मुक्तिधाम, हाईस्कूल, लकड़ी डिपो, कोसा आफिस की भूमि को भी जमीन दलाल छोड़ नहीं रहे हैं। इनके अवैध कब्जा कर खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने तथा इसकी जांच किये जाने को लेकर नगर के पूर्व पार्षद और नगरवासियों द्वारा कई बार जिला प्रशासन व राजस्व विभाग को आवेदन दिया गया परंतु अवैध कब्जा कर खरीदी-बिक्री पर अब तक जिला प्रशासन द्वारा कोई बड़ी कार्यवाही नहीं की गई जिससे जमीन दलालों का हौसला बढ़ता जा रहा है। उक्त मामले को लेकर संतोष देवांगन ,केशव लाल , नारायण देवांगन ,गौरी बाई , मनोज कुमार निर्मलकर ,प्रेम लाल देवांगन , प्रकाश राव भोसले और रामविलास देवांगन एवं अन्य किसानों द्वारा पूर्व् में जिला कलेक्टर को जनदर्शन में आवेदन दिये जाने के बावजूद अब तक उक्त मामले की कोई जांच पड़ताल नहीं की गई। इससे क्षुब्ध हो कर क्षेत्र के किसान उक्त मामले की शिकायत सुशासन तिहार समाधान शिविर में मुख्यमंत्री को पत्र दे कर निष्पक्ष जांच कर न्याय की मांग किये जाने की तैयारी कर रहे हैं।
इस सबंध में किसान रामविलास देवांगन ने बताया नगर के सीमा धनरास मार्ग पर नगर पंचायत क्षेत्र के किसान अपने पुश्तैनी भूमि पर खेती कार्य करते आ रहे हैं , उक्त पुश्तैनी जमीन के पास खाली पड़े बड़े झाड़ के जंगल, शासकीय जमीन खसरा नम्बर 49/1 को जमीन दलालों द्वारा शासकीय भूमि को 49/8 में परिवर्तित कर गैर कानूनी तरीके से बटांकन कर भू-राजस्व में नाम अंकित कर कथित लोगों द्वारा खरीदी-बिक्री किया गया है।
उक्त शासकीय भूमि बड़े झाड़ के जंगल के जमीन को घेराबंदी किये जाने पर मामला सामने आने से क्षेत्र के किसान व नगरवासियों द्वारा इसका विरोध किया गया है।रामविलास ने बताया उक्त शासकीय भूमि को नगरवासियों द्वारा गौचर के लिए संरक्षित व सुरक्षित रखा गया है जिसे जमीन दलालों ने हल्का पटवारी मिलकर उक्त भूमि के पट्टा बनाकर खरीदी-बिक्री कर दी गई है। इसकी शिकायत क्षेत्र के किसानों ने जिला कलेक्टर से की थी जिसकी जांच में शासकीय जमीन को कूटरचना कर बिक्री किये जाने का मामला सामने आने पर तत्कालीन पूर्व हल्का पटवारी पर कार्यवाही करते हुए पटवारी को निलंबित कर इस कार्य में जुडे अन्य लोगों के नाम अपराध दर्ज कराया गया। उन्होंने बताया उक्त शासकीय भूमि को कुछ लोगों के नाम पर पट्टा बनाकर पट्टा धारियों को भू स्वामी हक दे कर सांठगांठ कर उक्त शासकीय जमीन को दलालों के माध्यम से क्रय- विक्रय कर दिया गया है। उक्त शासकीय गौचर भूमि की खरीदी- बिक्री की जानकारी किसानों को होने पर इसका विरोध करते हुए नगर में बारह पाठक के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता कुवंर राजवर्धन प्रताप सिंह के निवास पर पूरे नगरवासियों की एक बैठक आयोजित की गई जिसमें उक्त शासकीय गौचर भूमि को मुक्त कराने का निर्णय लेते हुए नगरवासियों का हस्ताक्षर युक्त शिकायत पत्र जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन दिया गया था जिस पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर कार्यालय पत्र क्रमांक 2050124000292 दिनांक 19 फरवरी 2024 को तहसीलदार दर्री को जांच कर कार्यवाही हेतु आदेश दिया गया था परंतु अभी एक वर्ष बीत जाने के बाद अब तक किसी प्रकार की कोई जांच नहीं की गई और गौचर शासकीय एवं बडे झाड़ के जंगल को मुक्त कराने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिये जाने से क्षेत्रवासी शासन-प्रशासन के कथनी-करनी पर सवाल उठाने लगे हैं।
छुरीकला में शासकीय जमीन कब्जा कर खरीदी-बिक्री का खेल,जांच व कार्रवाई लम्बित






