कोरबा। नगर निगम क्षेत्र की व्यवस्थाओं में सुधार लाने और जनहित के निर्माण एवं विकास कार्यों में पारदर्शिता के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जा रहा है। महापौर के इस तरह किसी भी क्षेत्र में किए जाने वाले औचक निरीक्षण से खलबली मची हुई है। महापौर ने स्पष्ट किया है कि वे कभी भी, किसी भी जोन अथवा नगर निगम क्षेत्र में पहुंचकर जायजा ले सकती हैं। जनहित और विकास के कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही, गुणवत्ताहीनता और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

औचक निरीक्षण की कड़ी में महापौर ने नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत बालको जोन कार्यालय एवं बालको जोन क्षेत्र में निर्माणाधीन नाली व अन्य विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता हेतु संबंधित ठेकेदार को विशेष रूप से ध्यान देने हेतु निर्देशित किया। साथ ही जोन कमिश्नर एन.के. नाथ को कार्य की गुणवत्ता परीक्षण हेतु नमूना NIT रायपुर भेजने हेतु निर्देशित किया।

जोन कार्यालय बालको के औचक निरीक्षण के दौरान बिना सूचना के अनुपस्थित कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने हेतु निर्देश दिया गया।

इस निरीक्षण के दौरान वॉर्ड 39 के पार्षद तरुण राठौर,वॉर्ड 42 के पार्षद सत्येंद्र दुबे, पार्षद चेतन मैत्री, मंडल अध्यक्ष दिलेंद्र यादव,रेणु प्रसाद, राजा, जय राठौर,बालको महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना रुन्हीजा, जिला भाजयुमो अनुराग,अभिजीत त्रिपाठी आदि भी उपस्थित रहे।





