👉🏻 बलौदा-अकलतरा मार्ग पर बोलेरो से भिड़ंत में कार के परखच्चे उड़े
जांजगीर-चाम्पा। जिले के बलौदा-अकलतरा मार्ग पर दर्दनाक हादसा हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो गई। मां और भाई की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राथमिक तौर पर मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम अमोरा अकलतरा निवासी रूपेश निर्मलकर, पत्नी भगवती निर्मलकर, पुत्र राहुल निर्मलकर, भांजा शरद निर्मलकर ग्राम डोंगरी में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद देर शाम अपने घर वापस लौट रहे थे कि इस दौरान बलौदा थाना से महज 2 किलोमीटर की दूरी पर कार और बोलेरो में ज़बरदस्त भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में रुपेश और राहुल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि भगवती और शरद गंभीर रूप से घायल हैं।

इनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया वहीं दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित बोलेरो को जप्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है।








