अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में रविवार शाम एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने 3 महिलाओं को कुचल दिया, हादसे में तीनों की जान चली गई। हादसा नेशनल हाइवे क्रमांक- 130 स्थित ग्राम भिट्ठीकला मार्ग में हुआ जब महिलाएं सब्जी खरीदकर बाजार से लौट रही थी। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने गाड़ी के ड्राइवर को जमकर पीटा और हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार स्कार्पियो (क्रमांक सीजी 15 ईएच 8874) अंबिकापुर से लखनपुर जा रही थी, कि ग्राम भिट्ठीकला में 2 महिलाओं को कुचलते हुए गाड़ी आगे बढ़ी और तीसरी महिला को भी चपेट में ले लिया। तेज रफ्तार वाहन आगे जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकराकर रूक गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो से भाग रहे ड्राइवर को दौड़ कर पकड़ लिया और जमकर पीटा। उग्र भीड़ ने नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया और उसे तुरंत थाने भेजा। समाचार लिखे जाने तक 3 से 4 किलोमीटर तक लंबा जाम लगा हुआ है। पुलिस ग्रामीणों को समझाईश देने का प्रयास कर रही है।
CG BREAK: सड़क पर रफ्तार का तांडव, 3 महिलाओं की कुचल कर मौत







