कोरबा। कोरबा जिले में आयोजित हो रही पंडित प्रदीप मिश्रा की श्री शिव महापुराण कथा आयोजन की व्यवस्था में कुछ तथाकथित लोगों के द्वारा माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसी बातें सामने आई है और पकड़ में भी आया है कि कुछ लोगों के द्वारा फर्जी VIP पास लेकर कथा स्थल में प्रवेश किया जा रहा है। आयोजन और व्यवस्था संभाल रहे लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि उनके द्वारा जगह के हिसाब से जितने पास वितरण किये जा रहे हैं, भीड़ उससे ज्यादा कैसे आ रही है?
जब छानबीन की तो कुछ लोगों से जो VIP पास प्राप्त हुआ, वह फर्जी निकला जिसे मण्डल ने जारी नहीं किया था व उससे बिल्कुल अलग है। फर्जी पास में अध्यक्ष और सचिव का फर्जी सील बनवाकर गेट पर चकमा देकर कुछ लोग अंदर घुसते हुए पकड़े गए। महाकाल भक्त मंडल के लोगों ने बताया कि व्यवस्था को बिगाड़ने और माहौल खराब करने की मंशा से यह सब किया और कराया जा रहा है। कथा स्थल पर लोगों को एक दिन कथा श्रवण करने का अवसर देने की पूरी कोशिश की जा रही है और इसके लिए व्यवस्था भी बनाई गई है। इसके बारे में लोगों को जानकारी भी दी जा रही है किंतु कुछ लोग जानबूझकर माहौल खराब करने में लगे हुए हैं। कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है।




