👉🏻घुड़देवा में 99.64 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन शाला भवन का लोकार्पण
कोरबा। राजनीतिक गुटबाजी, अपेक्षा और मनमानी का पर्याय बने नगर पालिका परिषद बाँकी मोंगरा में एक बार फिर उपाध्यक्ष श्रीमती गायत्री कंवर को भुला दिया गया। यह एक सोची समझी रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है जिसे बाद में भूल-चूक का नाम दे दिया जाए तो कोई बड़ी बात नहीं होगी। लेकिन, यह आश्चर्य का विषय है कि जब शिलापट्टी तैयार होती है तो उसे लिखने वाले को अंकित होने वाले का नाम लिखकर दिया जाता है। ऐसे में यह जानबूझकर की गई चूक किसने और क्यों की, यह तो जांच का विषय हो सकता है किंतु आज हुए कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उपाध्यक्ष श्रीमती गायत्री कंवर के समर्थकों में इस बात को लेकर निराशा जरूर नजर आई जब शिलापट का अनावरण होते ही अध्यक्ष के नीचे से उनका नाम गायब मिला।

गौरतलब है कि आज, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं बांकीमोंगरा पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने घुड़देवा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवीन शाला भवन का लोकार्पण किया। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से 99.64 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का लोकार्पण उपरांत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही पढ़ाई के लिए सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा जारी रखने और शैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर भागीदारी का अवसर मिलेगा।







