0 राशि जमा करने के बाद भी प्रदेश कार्यालय नहीं पहुंची रकम
कोरबा। भाजपा में इन दिनों सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। नगर निगम में सभापति का मामला थमा नहीं है कि कटघोरा क्षेत्र में भाजपा की सक्रिय सदस्यता राशि को लेकर बखेड़ा खड़ा हो गया है। इसे भाजपा मंडल कटघोरा में सदस्यता अभियान की राशि में बड़ा घोटाला करार दिया जाय या फिर तकनीकी समस्या…? इसे लेकर चर्चा का बाजार गर्म है। प्रदेश कार्यालय से सदस्यता राशि जमा करने को लेकर फोन आ रहा है जिससे राशि जमा कर चुके कार्यकर्ता परेशान हो रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय से सक्रिय सदस्यों को सदस्यता शुल्क जमा करने फोन आ रहा है जिससे कार्यकर्ता परेशान हैं। बताया जा रहा है कि सक्रिय सदस्यता हेतु 100 रुपए व पार्टी की दीप कमल पत्रिका के लिए 400 रुपए कुल 500 रुपये पूर्व् में मंडल अध्यक्ष व प्रभारी को दिया जा चुका है। दूसरी तरफ प्रदेश कार्यालय के अनुसार यह राशि अब तक जमा नहीं हुआ है जिसके कारण पुनः राशि जमा करने के लिए प्रदेश कार्यालय के द्वारा निवेदन किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडल व मंडल प्रभारी के द्वारा उक्त राशि जो कार्यकर्ताओं से लिया गया था, उसे जिला कार्यालय में जमा करना होता है। जिला कार्यालय से यह राशि प्रदेश कार्यालय में जमा होना था या ऑनलाइन जमा करना था किंतु अब तक यह राशि प्रदेश कार्यालय में जमा नहीं हुई है जिसके कारण प्रदेश कार्यालय से सक्रिय सदस्यों को फोन आ रहा है। फोन आने से सक्रिय सदस्य कटघोरा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग से संपर्क कर रहे हैं तब पता चल रहा है कि ऐसा हुआ है, जबकि उक्त राशि कोरबा कार्यालय में जमा करा देना बताया जा रहा है।अब सवाल यह है कोरबा कार्यालय में वह राशि जमा किया गया है तो आखिर अब तक प्रदेश कार्यालय पहुंची क्यों नहीं? फिलहाल भाजपा कार्यकर्ताओं में रायपुर प्रदेश कार्यालय से फोन आने से नाराजगी और दुविधा व्याप्त है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक मजेदार बात तो यह है कि स्थानीय भाजपा नेताओं ने अपना कद बढ़ाने और शीर्ष नेताओँ की नजर में अच्छा बनने के लिए अन्य दल के नेताओं को भी सक्रिय सदस्य बना दिया गया था। छानबीन के बाद अन्य पार्टियों के नेताओं का नाम विलोपित किया गया। फिलहाल यह जांच का विषय है कि हकीकत में घोटाला हुआ है या तकनीकी खामियों के कारण सक्रिय सदस्यता का शुल्क अब तक जमा नहीं हुआ है…!
0 दोबारा राशि देने की जरूरत नहीं: गर्ग
भाजपा कटघोरा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने कहा है कि सक्रिय सदस्यता राशि कोरबा जिला कार्यालय में जमा करा दी गई है। यह ऑनलाइन सिस्टम होना था, लेकिन नहीं हो पाया था। सदस्यों से ओटीपी लेकर पुनः अपडेट किया जाएगा। किसी भी सदस्य को दोबारा राशि देने की जरूरत नहीं है।