बिलासपुर/कोरबा। जांजगीर-चांपा जिले के युवक ने कोरबा की युवती से मैट्रिमोनियल साइट पर पहले दोस्ती की,फिर उससे प्यार और शादी करने का झांसा दिया। इस दौरान युवक ने बिलासपुर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर उससे 3 लाख 5 हजार रुपए और गहने समेत 8 लाख रुपए की ठगी कर ली। युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है। टीआई अभय बैस ने बताया कि सोमवार को कोरबा की रहने वाली 22 वर्षीय युवती थाने पहुंची। उसने अपनी शिकायत में बताया कि साल 2023 में मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से पवन यादव नाम के युवक से जान-पहचान हुई। युवती शादी करने की तैयारी में थी, जिसके लिए उसने मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाया था।
👉🏻युवक ने पहले की दोस्ती फिर शादी करने का दिया झांसा
दोनों एक-दूसरे से बात करने लगे। युवक ने पहले उससे दोस्ती की, जिसके बाद प्यार करने का वादा किया। इस दौरान दोनों शादी करने को लेकर सहमत हो गए। इसके बाद 2024 में दोनों की मुलाकात बिलासपुर में हुई, जहां उसके साथ शादी करने के बाद पति-पत्नी बनने का झांसा देकर दुष्कर्म किया। जिसके बाद से दोनों लगातार मिलते रहे। इस दौरान युवक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाते रहा।
👉🏻सरकारी नौकरी लगाने के नाम वसूले कैश व गहने
युवती ने पुलिस को बताया कि युवक ने उसकी सरकारी नौकरी दिलाने की बात कही, जिसके लिए उससे 3 लाख 50 हजार रुपए ले लिए। चूंकि, दोनों शादी करने वाले थे, इसलिए युवती उसके भरोसे में आ गई। कैश देने के बाद पवन यादव ने और पैसों की जरूरत बताते हुए करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने की हार, चूड़ी, चेन आदि जेवर भी ले लिए। कुछ समय बाद जब महिला ने शादी की बात कही तो उसने टालमटोल करना शरू कर दिया।
👉🏻होटल में मुलाकात, अब फोन रिसीव नहीं करता प्रेमी
पवन यादव अपनी प्रेमिका से मिलने कोरबा जाने के बजाए हमेशा बिलासपुर बुलाता था, जहां तोरवा क्षेत्र के एक होटल में दोनों रूकते थे। इस दौरान युवक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाते रहा। होटल में ही उससे कैश और गहने लेकर ठगी भी कर ली। युवती ने जब शादी करने के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तब युवक ने उसका फोन रिसीव करना ही बंद कर दिया। परेशान होकर युवती ने मामले की शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस ने दुष्कर्म और ठगी का केस दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।





