0 नपं अध्यक्ष, जिपं सदस्य, पूर्व विधायक प्रतिनिधि समेत हजार लोगों ने थामा दामन
कोरबा-पाली। कोरबा जिले के नगर पंचायत पाली के मंगल भवन में आयोजित एक राजनैतिक कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों कांग्रेसियों ने भाजपा का दामन थाम लिया।
लोकसभा आम चुनाव के पूर्व दल बदलने का खेला जारी है। कोई अपने सुखद भविष्य को लेकर सपने संजोए तो कोई पार्टी की रीति नीति को लेकर अपनी पार्टी छोड़कर अन्य पार्टी का दामन थाम रहे हैं।
पाली तानाखार विस में विधानसभा के समय से ही मचे राजनैतिक उथल-पुथल के बीच लोकसभा चुनाव के दौर में कॉंग्रेस व अन्य दलों के लगभग हजार भर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने धरम लाल कौशिक, केबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन,विधायक प्रेमचंद पटेल, सुशांत शुक्ला, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, मण्डल अध्यक्ष रोशन सिंह ठाकुर,राम दयाल उइके, पवन गर्ग, शिव चौहान, ज्ञान सिंह राजपाल, कौशल सिंह राज, भैया लाल जायसवाल, अशोक श्रीवास्तव, प्रयाग नारायण शांडिल्य,अमित टमकोरिया आदि अन्य की उपस्थिति में प्रवेश किया। भाजपा लोकसभा प्रत्याशी सुश्री सरोज पांडे ने पुष्प गुच्छ और भगवा गमछा पहनाकर भाजपा प्रवेश करने वालो का स्वागत अभिनन्दन किया।
0 कईयों ने किया घर वापसी
कांग्रेस पार्टी छोड़ने वाले अधिकांश कार्यकर्त- पदाधिकारी कॉंग्रेस मे जोगी- उइके गुट (जोगी कांग्रेस) के बताए जाते हैं, जिन्होंने हालिया चुनाव में पार्टी में रहकर भी उइके के लिए काम किया है। कुछ ठेकेदार और कुछ अवसर वादी नेता है, तो कुछ वाकई में कॉंग्रेस मे उपेक्षा का दंश झेल रहे थे। पार्टी मे इन्हें तवज्जो नहीं मिल रही थी, वहीँ कुछ भाजपा के पुराने कार्यकर्ता रहे हैं जो किसी कारण से भाजपा छोडकर अन्य दलों मे शामिल हो गए थे, तो य़ह एक तरह से उनकी घर वापसी जैसा रहा।
0 कार्यक्रम में दिखी गुटबाजी
राज्य में भाजपा की सरकार बनने और केंद्र मे हैट्रिक की संभावना के बाद से ही य़ह चर्चा आम हो रहीं थीं कि बड़ी संख्या में क्षेत्र के कॉंग्रेस का एक धड़ा भाजपा प्रवेश करने जा रहा है। “सत्यसंवाद” ने इसकी संभावना भी जाहिर की थी कि पाली हॉट स्पॉट बनेगा, जो आज सच हो गया। जैसा कि अनुमान था, भाजपा मे आज शामिल हुए कुछ कांग्रेसियों को प्रवेश से रोकने भाजपा के ही लोग सक्रिय भी थे लेकिन सफल नहीं हो पाए वहीँ कार्यक्रम में कुछ खास लोगों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही।
0 भाजपा होगी मजबूत
ऐन चुनाव के पूर्व सैकड़ों की संख्या में भाजपा प्रवेश से कॉंग्रेस को वर्तमान चुनाव सहित आगामी पंचायत चुनाव में नुकसान उठाना पड़ सकता है.कॉंग्रेस से ऐसा ही पलायन एक बार और हो चुका है जब जोगी कॉंग्रेस का गठन हुआ था तब भी कॉंग्रेस के कद्दावर नेता शैलेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में एक बड़ा धड़ा जोगी कॉंग्रेस मे शामिल हो गया था. इस बड़ी राजनैतिक उठा पटक के नफा नुकसान की बात करे तो भाजपा मजबूत होगी और उनको फायदा मिलेगा लेकिन गुटबाजी भी बढ़ेगी, वही पार्टी में राम दयाल उइके फिर से पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े नेता बन जाएंगे जो उनके भावी राजनैतिक पारी के लिए बड़ी बात होगी. यही बात भाजपा के कुछ कट्टर कार्यकर्ताओं को नागवार गुजर रहा है.
0 इन्होंने किया भाजपा प्रवेश
पाली नपं अध्यक्ष उमेश चंद्र ,जिप सदस्य गणराज सिंह, पूर्व विधायक प्रतिनिधि शैलेश सिंह ठाकुर, शंकर दास महंत,नपं पूर्व एल्डर मेन अनिल सिंह परिहार,सुनील अग्रवाल, पार्षद सोना ताम्रकार,रोहित प्रजापति,पिंटू अग्रवाल,जनपद उपाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह,अंजू पांडे, नारायण सिंह,जसवंत लकड़ा, मनोज वर्मा,लखश्वर सिंह, ईश्वर,हरीश वंदनी,गुड्डा तिवारी ,संजय जायसवाल आदि प्रमुख नाम के अलावा पाली तानाखार विस क्षेत्र के लगभग ढाई हजार लोगों के प्रवेश का दावा किया गया है।