कोरबा। मदद करने की कोशिश करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल से जरूरी बात करने के बहाने मदद मांगी और मौका पाकर बाइक व मोबाइल लेकर फरार हो गया।
मामला 12 नवंबर 2026 का है। ग्राम नोनबिर्रा निवासी फैज़ुल्ला खान दोपहर करीब 1 बजे टीपी नगर कोरबा से काम करके अपनी टीवीएस स्टार मोटरसाइकिल क्रमांक CG12 AK 7886 से घर लौट रहे थे। जैन मंदिर के सामने उसने लघुशंका के लिए बाइक रोकी। इसी दौरान एक व्यक्ति पैदल उसके पास आया और मोबाइल से घर में जरूरी बात करने की बात कहते हुए मोबाइल मांगने लगा। उसने खुद को सोहागपुर का निवासी बताया। उस समय बाइक की चाबी वाहन में ही लगी हुई थी।
फैज़ुल्ला जब वापस लौटा तो वह व्यक्ति और उसकी बाइक दोनों गायब थे। आसपास तलाश करने के बाद भी कोई पता नहीं चला। शिकायत में बताया गया है कि बाइक के साथ रेडमी 8ए डुअल मोबाइल फोन भी चोरी हुआ है। दोनों की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
मोबाइल में जियो और बीएसएनएल की सिम लगी होने की जानकारी भी शिकायत में दी गई है। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत शिकायत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
KORBA:ऐसी मदद भूलकर भी न करें,बाइक और मोबाइल ही ले भागा






