कोरबा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कोरबा जिले के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 9 के परिणाम को लेकर 2 दिन से चल रही अटकलें और कवायदों पर अंतत: विराम लग गया है। यहां एक ओर जब गणराज सिंह कंवर के विजयी होने की खबर आम हुई तो वहीं यह परिणाम अपुष्ट तौर पर होने की बात सामने आई। कौशल सिंह नेटी के द्वारा बढ़त बनाए रखने की खबरों के बीच परिणाम को लेकर दुविधा के हालात बन रहे।
23 फरवरी को तीसरे और अंतिम चरण के तहत पोड़ी-उपरोड़ा व पाली क्षेत्र में मतदान संपन्न हुआ। मतदान के बाद मतगणना प्रारंभ हुई और 24 फरवरी की देर रात तक परिणाम को लेकर उहापोह की स्थिति बनती-बिगड़ती रही। कभी गणराज तो कभी नेटी के जीतने की चर्चा भी हवा में तैरती रही। अंततः परिणाम सामने आया और कौशल नेटी चुनाव जीत गए। उन्होंने गणराज सिंह को 3271 मतों के अंतर से परास्त किया है।
कांग्रेस समर्थित कौशल नेटी को कुल 13657 वोट प्राप्त हुए जबकि भाजपा से बागी गणराज को 10386 वोट मिले हैं। भाजपा समर्थित इंजी. विजय बहादुर सिंह जगत 9612 मतों से तीसरे स्थान पर रहे। रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा परिणाम की अधिकृत घोषणा कर दिए जाने के बाद तमाम अटकलों पर विराम लग गया है।
बताते चलें कि कौशल नेटी पुलिस विभाग में पदस्थ रहे और पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर के PSO (निजी सुरक्षा अधिकारी) के तौर पर सेवा दे रहे थे। उन्होंने पिछले चुनाव में कांग्रेस से टिकट की मांग की थी लेकिन विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिली। इस बार उन्होंने जिला पंचायत चुनाव में दॉव आजमाया और अच्छे खासे मतों के अंतर से निर्वाचित हुए। परिणाम की घोषणा होने के साथ ही उनके समर्थकों में हर्ष की लहर दौड़ पड़ी है।
KORBA:अंततः चुनाव जीत गए नेटी,गणराज हारे
