👉🏻भागते वक्त लोगों ने एक आरोपी को पकड़ा,2 की
सुकमा। छत्तीसगढ़ राज्य के सुकमा में मेन रोड पर स्थित दुर्गा ज्वेलर्स में गुरुवार की रात करीब 08:30 बजे सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया। तीन नकाबपोश बदमाशों ने दुकान संचालक को पिस्टल से जान का भय दिखाकर आभूषणों की लूट को अंजाम दिया।
बताया गया कि तीनों आरोपी अचानक दुकान में घुसे और संचालक को गन प्वाइंट पर ले लिया। लूटपाट के बाद जैसे ही बदमाश आभूषण लेकर भागने लगे, स्थानीय लोगों और आसपास की भीड़ ने साहस का परिचय देते हुए उनका पीछा किया।जनता की तत्परता के कारण एक बदमाश को लूटे हुए आभूषणों के साथ मौके पर ही पकड़ लिया गया।
हालांकि, दो अन्य आरोपी हथियार के दम पर भीड़ को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार होने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही जिला एसपी किरण सिंह और एसडीओपी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मामले का जायजा लिया।
फरार दो आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है और भागने के संभावित रास्तों पर सघन नाकाबंदी और चेकिंग की जा रही है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन कर उन्हें विभिन्न दिशाओं में रवाना किया गया है।
पूरी वारदात दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान और तलाश कर रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर उन्हें संदिग्ध लोग दिखाई दें तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।




