कोरबा। सरपंच की पिटाई से मृत सफाई कर्मचारी बाल चन्नईया के पीड़ित परिवार से शोषित वंचित समाज परिसंघ कोरबा के पदाधिकारियों ने मुलाकात की।
कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम (PM) में देरी को लेकर हुए विवाद में एक सरपंच ने मर्च्युरी के कर्मचारी की पिटाई कर दी और सरपंच ने उसका सिर दीवार पर पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। सिविल लाइन थाना रामपुर ने सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। चूंकि मामला सफाई कर्मचारी का था, जिसकी खबर शोषित वंचित समाज परिसंघ के पदाधिकारीयो को मिलते ही प्रदेश अध्यक्ष मयूर हथेल, सिकंदर उसरवर्षा प्रदेश उपाध्यक्ष भारतीय सफाई कर्मचारी महासंघ, जिला अध्यक्ष रामस्वरूप चौधरी व अन्य पदाधिकारी के साथ पीड़ित के परिवार से मुलाकात की।
रामस्वरूप चौधरी, जिला अध्यक्ष शोषित वंचित समाज परिसंघ कोरबा ने बताया कि पीड़ित परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली समस्त सहायता दिलवाने में मदद करने का आश्वासन दिया गया है। दोषी पर भी एससी-एसटी एक्ट की धारा लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखने की भी बात कही गई है।
शोषित वंचित समाज के पदाधिकारी पहुंचे दिवंगत मर्च्युरी कर्मी के निवास, पीड़ित परिवार को सहायता का भरोसा





