👉🏻 उमरेली (करतला) में पूजा क्रांति देवांगन और लाफा(पाली) में कौशिल्या उईके की जीत
कोरबा। जिले के पाली तानाखार विधानसभा अंतर्गत उपरोड़ा जनपद के जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 18 (बिंझरा) में हुए उपचुनाव में मतदाताओं ने भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य दलों के समर्थित व -निर्दलियों को नकारते हुए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के समर्थित प्रत्याशी कन्हैया लाल चौहान को जीत का सेहरा पहनाया है। कन्हैया लाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 166 वोटों के अंतर से परास्त किया है। इस जीत के बाद गोंगपा सहित निर्वाचन क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और कार्यकर्ताओं व समर्थकों द्वारा खुशी बांटी गई।
👉🏻अक्षय के हत्यारे को जनता ने नकारा, चौथे स्थान पर

यह उपचुनाव पूर्व जनपद सदस्य स्व. अक्षय गर्ग की निर्मम हत्या के बाद खाली हुई सीट पर कराया गया था। इस चुनाव में हत्या में शामिल आरोपी मिर्जा मुश्ताक अहमद ने भी जेल में निरुद्ध रहते चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई थी। हालांकि, बिंझरा क्षेत्र की जनता ने हत्या के आरोपी को पूरी तरह से नकार दिया। कुल 8 प्रत्याशियों के बीच लड़े गए इस चुनाव में मुश्ताक मिर्जा शीर्ष तीन में भी जगह नहीं बना पाया और 379 वोट पाकर चौथे स्थान पर सिमट गया।
👉🏻विधायक तुलेश्वर मरकाम और प्रदेश उपाध्यक्ष ने दी बधाई
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की इस बड़ी राजनीतिक जीत पर पाली तानाखार के विधायक तुलेश्वर मरकाम ने नवनिर्वाचित जनपद सदस्य कन्हैया लाल चौहान को मोबाइल के माध्यम से फोन कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही, गोंगपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम ने भी कन्हैया लाल को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र की जनता की जीत बताया है।






