वध के लिए ले जाने का आरोप, भूखे-प्यासे और कमजोर हालत में बताए गए मवेशी; दो आरोपियों पर पशु संरक्षण अधिनियम के तहत जुर्म दर्ज
कोरबा – पसान। पसान क्षेत्र में 38 गाय, बैल और बछड़ों को पैदल हांककर ले जाने का मामला सामने आया है। गौरक्षा प्रमुख संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकाश केंवट और प्रदीप कुमार पैकरा के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार 8 सितंबर 2026 को करीब सुबह 9.30 बजे संतोष कुमार गुप्ता अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उन्होंने दो लोगों को बड़ी संख्या में गाय, बैल और बछड़ों को पैदल हांककर ले जाते देखा। उन्होंने अपने सहयोगियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद अटल चौक पसान के पास दोनों लोगों को मवेशियों सहित रोककर पूछताछ की गई।
शिकायत के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने अपना नाम प्रकाश केंवट और प्रदीप कुमार पैकरा बताया। मवेशियों की गिनती करने पर कुल 38 नग पाए गए। आरोप है कि दोनों ने पूछताछ में मवेशियों को पंडरीपानी से मनेन्द्रगढ़ की ओर वध के लिए ले जाने की बात बताई। शिकायतकर्ता के अनुसार उनके पास मवेशियों को ले जाने संबंधी कोई बिल या दस्तावेज भी नहीं था।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि लंबे समय तक पैदल चलने के कारण कई मवेशी भूखे-प्यासे, कमजोर और बीमार हालत में दिखाई दे रहे थे। इसके बाद संतोष कुमार गुप्ता अपने सहयोगियों के साथ सभी 38 मवेशियों और दोनों व्यक्तियों को थाना पसान लेकर पहुंचे और कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकाश केंवट और प्रदीप कुमार पैकरा के विरुद्ध धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
KORBA: 38 मवेशियों को पैदल हांककर ले जा रहे दो लोग पकड़े गए, FIR





