कोरबा। करतला थाना क्षेत्र में एक ढाबे में खाना खाने के बाद बिल मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि नौ लोगों ने कथित रूप से ढाबा संचालक, उसके कर्मचारी और एक महिला के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने ढाबे में तोड़फोड़ जैसी स्थिति भी पैदा कर दी और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम तुर्रीकटरा निवासी संतलाल मंझवार (38) कोटमेर पेट्रोल पंप के सामने होटलनुमा ढाबा संचालित करता है। उसकी रिपोर्ट के मुताबिक 2 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे समय लाल राठिया, किशन कुमार, संजय कुमार, राहुल कुमार, जगदीश, मुकेश कुमार, गुलशन कुमार, राधेश्याम तथा बूटी उर्फ सुखराम राठिया दो मोटरसाइकिलों से ढाबे पहुंचे और चिकन-चावल के नौ प्लेट का ऑर्डर दिया।
खाना खाने के बाद जब ढाबे में काम करने वाले रामायण उर्फ बंधन सिंह ने 860 रुपये का बिल थमाया, तो आरोप है कि सभी युवक भड़क गए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए रामायण का कॉलर पकड़कर उसे टेबल पर गिरा कर मारना शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे ढाबा संचालक संतलाल मंझवार और रामायण की पत्नी केंवराबाई के साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने केंवराबाई की बाईं कलाई को दांत से काट लिया। साथ ही रामायण को जान से मारने की धमकी दी गई और ढाबे का सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया गया।
घटना की सूचना डायल-112 को दिए जाने पर सभी आरोपी दो मोटरसाइकिलों से ग्राम तुर्रीकटरा की ओर भाग निकले।
करतला पुलिस ने संतलाल मंझवार की शिकायत पर समय लाल राठिया, किशन कुमार, संजय कुमार, राहूल कुमार, जगदीश, मुकेश कुमार, गुलशन कुमार, राधेश्याम तथा बूटी उर्फ सुखराम राठिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 191(2), 296 एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
KORBA:चिकन-चावल खाया,बिल पर बलवा, भुगतान की बजाय 9 लोगों ने मिलकर पीटा- तोड़फोड़ की







