👉🏻इन बड़े शहरों की बदलेगी तस्वीर, सुधरेगा बुनियादी ढांचा
👉🏻ड्रेनेज, सीवेज और पेयजल का नेटवर्क सुधारने के लिए केंद्र सरकार की तैयारी
रायपुर। बारिश के दौरान देश के कई शहरों को जलभराव जैसी समस्या से जूझना पड़ता है। साथ ही सीवरेज और पेयजल का नेटवर्क भी अभी तक शहरों के सभी हिस्सों तक नहीं पहुंच सका है। अब इस अधूरे नेटवर्क को पूरा करने और बारिश के पानी की निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए केंद्र से बड़ी राशि मिलने का रास्ता खुला है।
देश के 22 बड़े शहरों में ड्रेनेज, सीवेज और पेयजल का नेटवर्क सुधारने के लिए केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के रायपुर सहित मध्यप्रदेश राज्य के भोपाल-इंदौर के अलावा अलग-अलग राज्य के कुल 22 शहरों को पांच-पांच हजार करोड़ रुपये देने की तैयारी है।
केंद्र सरकार द्वारा यह राशि देने के लिए 16वें वित्त आयोग के विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर घटक के तहत स्वीकृति दिए जाने की जानकारी है। वित्त आयोग ने 2026-27 से 2030-31 तक शहरी स्थानीय निकायों के लिए 3.56 लाख करोड़ रुपए की ग्रांट की सिफारिश की है।
👉🏻परियोजना लागत का 60% केंद्र सरकार अनुदान देगी
खबरों के मुताबिक परियोजना लागत का 60 प्रतिशत केंद्र सरकार अनुदान देगी। बाकी 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार और नगर निगम को अपने संसाधनों, लोन या बान्ड से जुटानी होगी। इस हिस्से की व्यवस्था के लिए 16वें वित्त आयोग से मिलने वाली दूसरी ग्रांट(अनुदान) का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। निगम को पहले शहर की जरूरतों के आंकलन के आधार पर डीपीआर और एक्शन प्लान तैयार करना होगा। इसके बाद राज्य और केंद्र सरकार से मंजूरी मिलेगी।
👉🏻 चार किस्तों में मिलेगी राशि
बताया जाता है कि परियोजना की राशि चार किस्तों में मिलेगी। पहली किस्त केंद्र, राज्य और निगम के बीच त्रिपक्षीय समझौते के बाद जारी होगी। दूसरी किस्त, पहली किस्त की 75 प्रतिशत राशि खर्च होने और 10 प्रतिशत भौतिक प्रगति पर प्रदान की जाएगी। तीसरी किस्त 75 प्रतिशत राशि खर्च होने और 50 प्रतिशत काम पूरा होने पर और अंतिम किस्त परियोजना का काम पूरा होने के बाद जारी की जाएगी। निर्माण कार्यों की जियो टैगिंग और जियो फेंसिंग अनिवार्य होगी। केंद्र से राशि मिलने के बाद राज्य वित्त विभाग को 10 कार्य दिवस में निगम को पैसा देना होगा। देरी पर ब्याज भी देना होगा।
👉🏻देश के इन शहरों का हुआ चयन
छत्तीसगढ़ – रायपुर।
मध्य प्रदेश – भोपाल, इंदौर।
उत्तर प्रदेश – लखनऊ, कानपुर।
महाराष्ट्र – पुणे, नागपुर।
राजस्थान – जयपुर, जोधपुर।
गुजरात – वडोदरा, राजकोट।
आंध्र प्रदेश – विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा।
पंजाब – लुधियाना, अमृतसर।
झारखंड – धनबाद, रांची।
तमिलनाडु – कोयंबटूर, मदुरै।
बिहार – पटना।
हरियाणा – फरीदाबाद।
पश्चिम बंगाल – हावड़ा।





