👉🏻फूटा अधिवक्ताओं का गुस्सा, बोले-मरम्मत नहीं हुई तो किसी दिन होगा बड़ा हादसा
👉🏻 बालको-कोरबा मार्ग की बदहाली पर कलेक्टर से लगाई गुहार
👉🏻 सड़क, पुल, स्ट्रीट लाइट और अवैध पार्किंग पर तत्काल कार्रवाई की मांग
👉🏻यह सिर्फ सड़क का नहीं, हजारों लोगों की जान और सुरक्षा का सवाल
कोरबा। वर्षों से बदहाल पड़े बालको-कोरबा मुख्य मार्ग को लेकर आखिरकार अधिवक्ताओं का सब्र टूट गया है। बालको क्षेत्र के अधिवक्ताओं ने पिछले दिनों कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि यदि इस मार्ग की तत्काल मरम्मत और सुरक्षा संबंधी इंतजाम नहीं किए गए, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
ज्ञापन में बताया गया है कि बालको से कोरबा आने वाले प्रमुख मार्ग गायत्री मंदिर, रिसदा चौक, ढेंगुरनाला पुल, लालघाट और परसाभांठा मार्ग की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे, पुल के जोड़ों पर चौड़ी दरारें, निकली हुई सरिया और टूटी सड़क रोजाना दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है।

अधिवक्ताओं ने 8 जुलाई 2026 की एक घटना का भी उल्लेख किया, जिसमें इसी मार्ग पर एक अधिवक्ता की कार गहरे गड्ढे में फंस गई थी। स्थानीय नागरिकों और ट्रैक्टर चालक की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला जा सका। उनका कहना है कि यह घटना सड़क की वास्तविक स्थिति का जीता-जागता उदाहरण है।
ज्ञापन के अनुसार इसी मार्ग से प्रतिदिन हजारों नागरिक, स्कूली बच्चे, कॉलेज छात्र, जिला अस्पताल जाने वाले मरीज, एम्बुलेंस, पुलिस, तहसील, न्यायालय आने-जाने वाले अधिवक्ता तथा चांपा सहित अन्य क्षेत्रों के लोग आवागमन करते हैं। इसके बावजूद वर्षों से सड़क की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई है।
✍🏻अधिवक्ताओं की प्रमुख मांगें

🙏🏻बालको-रिसदा चौक-ढेंगुरनाला पुल-लालघाट-परसाभांठा मार्ग की तत्काल मरम्मत और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण।
🙏🏻ढेंगुरनाला पुल की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा कार्य।
🙏🏻पूरे मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था।
🙏🏻स्कूल और कॉलेज समय में इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध।
🙏🏻सड़क किनारे ट्रेलर, ट्रक व अन्य भारी वाहनों की अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान।
🙏🏻यातायात पुलिस द्वारा लगातार निगरानी कर सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करना।
ज्ञापन के अंत में अधिवक्ताओं ने स्पष्ट कहा है कि “यह केवल सड़क का मामला नहीं, बल्कि हजारों नागरिकों के जीवन और सुरक्षा का प्रश्न है।” उन्होंने प्रशासन से जनहित में तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।







