0 स्थानीय प्रशासन-पुलिस की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
कोरबा-कटघोरा। कटघोरा नगर के मुख्य चौराहे शहीद वीर नारायण चौक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार के समीप इन दिनों ऑटो चालकों ने मनमाने तरीके से ऑटो स्टैंड बना लिया है। मुख्य मार्ग के किनारे बड़ी संख्या में ऑटो खड़े रहने से सड़क की चौड़ाई लगातार कम हो रही है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। व्यस्त मार्ग पर इस तरह बेतरतीब खड़े ऑटो कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार के पास ही ऑटो चालकों ने अपना अस्थायी स्टैंड बना रखा है। मरीजों, उनके परिजनों और आम राहगीरों को यहां से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान के सामने वाहनों का इस तरह जमावड़ा सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि ऑटो चालकों द्वारा अस्पताल की बाउंड्रीवाल पर बाकायदा ऑटो स्टैंड का बोर्ड भी लगा दिया गया है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें किसी प्रकार की कार्रवाई का भय नहीं है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मुख्य मार्ग और अस्पताल के प्रवेश द्वार के पास ऑटो स्टैंड संचालित करना नियमों के विपरीत है, लेकिन इसके बावजूद नगर पालिका परिषद और पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
नगरवासियों का आरोप है कि ऑटो चालकों की मनमानी के आगे प्रशासन बेबस नजर आ रहा है। कई बार यातायात व्यवस्था बिगड़ने और सड़क पर जाम की स्थिति बनने के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा स्थायी समाधान की दिशा में कदम नहीं उठाया गया है।
मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े ऑटो के कारण एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में किसी गंभीर दुर्घटना के बाद ही प्रशासन की नींद खुले, इससे पहले ही उचित कार्रवाई किए जाने की मांग उठ रही है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका परिषद और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग और अस्पताल परिसर के आसपास अवैध रूप से संचालित ऑटो स्टैंड को तत्काल हटाया जाए तथा ऑटो चालकों के लिए निर्धारित स्थान पर स्टैंड की व्यवस्था की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रह सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।







