कोरबा। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस द्वारा निर्मला स्कूल पुलिस लाइन के सामने तथा कोसाबाड़ी स्थित निर्मला स्कूल में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में ट्रैफिक डीएसपी सुश्री ज्योत्सना चौधरी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए स्पष्ट कहा कि नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया या अन्य वाहन चलाना कानूनन अपराध है और इससे गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने विद्यार्थियों से बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने तथा अपने परिजनों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान ट्रैफिक एएसआई ईश्वरी लहरे, मनोज राठौर, हेड कांस्टेबल पवन सिंह, सुशांत टोप्पो, तिर्की नारंग सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर तथा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी की भी सहभागिता रही।
एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि हाल ही में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई करते हुए 11 मोटरसाइकिल और स्कूटी चालकों पर कुल 22,000 रुपए का चालान किया गया। संबंधित मामलों में नाबालिग वाहन चालकों के माता-पिता को भी यातायात थाने बुलाकर समझाइश दी गई और भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं देने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अभिभावकों की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यदि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने दिया जाता है तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत अभिभावकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सकती है। अभियान का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।




