मकुंदपुर के बांधईपारा में बूंद-बूंद पानी के लिए भटक रहे ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान
कोरबा-करतला। कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मकुंदपुर के बांधईपारा में ग्रामीण पिछले तीन महीनों से भीषण पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। मोहल्ले में स्थापित सोलर आधारित पेयजल पंप लंबे समय से बंद पड़ा है, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि सोलर पंप खराब होने की सूचना क्रेडा विभाग को अब तक चार बार दी जा चुकी है। इसके बावजूद न तो मरम्मत के लिए तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और न ही जलापूर्ति बहाल करने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया। विभाग की इस लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
सोलर पंप बंद होने के कारण मोहल्ले के लोगों को रोजाना दूर स्थित हैंडपंपों और अन्य जल स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में भी उन्हें स्वच्छ पेयजल के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जबकि शासन ने इसी उद्देश्य से यहां सोलर पेयजल व्यवस्था स्थापित की थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। यदि जल्द ही सोलर पंप की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गहरा सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं क्रेडा विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर सोलर पंप की मरम्मत कराने और नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि मूलभूत सुविधा के अभाव में ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है और जिम्मेदार विभाग की उदासीनता लोगों की परेशानी लगातार बढ़ा रही है।






