👉🏻तिवरता स्थित पेट्रोल पंप के स्टोर में मिले नकली टाटा DEF और गल्फ ऑयल के 212 डिब्बे, संचालक पर FIR
कोरबा-दीपका। दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम तिवरता स्थित श्रद्धा पेट्रोल पंप में नकली ऑटोमोबाइल उत्पादों के भंडारण और बिक्री का मामला सामने आया है। पुलिस ने पेट्रोल पंप के पीछे स्थित स्टोर रूम में दबिश देकर टाटा मोटर्स डीजल एग्जॉस्ट फ्लुइड (DEF) के 192 नग और गल्फ ऑयल लुब्रिकेंट के 20 नग, कुल 212 नग सीलबंद उत्पाद बरामद किए हैं। मामले में पेट्रोल पंप संचालक चैतन्य मनहर पिता कुशल मनहर व अनूप गोयल के खिलाफ धारा 318(4), 347, 349 बीएनएस तथा कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
👉🏻टेस्ट परचेसिंग के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक टाटा EIPR (India) Pvt. Ltd. के जांच अधिकारी सानी घोष ने थाना दीपका में सूचना दी थी कि ग्राम तिवरता स्थित श्रद्धा पेट्रोल पंप में टाटा मोटर्स और गल्फ ऑयल लुब्रिकेंट इंडिया लिमिटेड के नकली उत्पाद रखकर बिक्री किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सानी घोष द्वारा कथित तौर पर एक 20 लीटर का टाटा मोटर्स डीजल एग्जॉस्ट फ्लुइड खरीदा गया। जांच अधिकारी के अनुसार उत्पाद की जांच में उसे नकली कॉपीराइट उत्पाद पाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टेस्ट परचेसिंग में खरीदे गए एक डिब्बे को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया।
👉🏻स्टोर रूम की तलाशी में बड़ी मात्रा में माल

इसके बाद पुलिस टीम ने श्रद्धा पेट्रोल पंप के पीछे स्थित स्टोर रूम में दबिश दी। वहां संचालक चैतन्य मनहर मौजूद मिला। पुलिस के अनुसार तलाशी से पहले उसे नोटिस देकर तलाशी की सहमति ली गई तथा नियमानुसार पंचनामा तैयार किया गया। स्टोर रूम की तलाशी के दौरान टाटा मोटर्स डीजल एग्जॉस्ट फ्लुइड के 192 नग, प्रत्येक 20 लीटर तथा गल्फ ऑयल लुब्रिकेंट DEF के 20 नग, प्रत्येक 20 लीटर, सीलबंद अवस्था में मिले। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में तलाशी एवं बरामदगी पंचनामा तैयार कर पूरा माल जब्त कर लिया।
👉🏻माल के कागजात मांगे तो नहीं मिला दस्तावेज
पुलिस ने चैतन्य मनहर को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर बरामद उत्पादों से संबंधित खरीदी-बिक्री और स्वामित्व के दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा। पुलिस के अनुसार चैतन्य ने लिखित जवाब में माल के संबंध में कोई दस्तावेज नहीं होना बताया। उसने कथित तौर पर यह माल कोरबा निवासी अनुप गोयल द्वारा दिए जाने की जानकारी दी है।
👉🏻कंपनी के जांच अधिकारी की भूमिका
रिपोर्टकर्ता सानी घोष ने पुलिस को बताया कि वह टाटा EIPR (India) Pvt. Ltd. में जांच अधिकारी है और कंपनी की ओर से बाजार में सर्वे कर टाटा मोटर्स लिमिटेड एवं गल्फ ऑयल लुब्रिकेंट इंडिया लिमिटेड के ऑटोमोबाइल उत्पादों के कथित नकली व्यापार की जानकारी जुटाने तथा कॉपीराइट उल्लंघन के मामलों में कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकृत है। इसी अधिकार के तहत उसने तिवरता के श्रद्धा पेट्रोल पंप पर सर्वे और टेस्ट परचेसिंग की कार्रवाई की थी।
👉🏻212 नग उत्पाद पुलिस के कब्जे में
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 212 सीलबंद डिब्बे जब्त किए गए हैं। इनमें टाटा मोटर्स DEF के 192 और गल्फ ऑयल लुब्रिकेंट के 20 डिब्बे शामिल हैं। पुलिस ने मामले में पेट्रोल पंप संचालक चैतन्य मनहर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरामद उत्पाद वास्तव में नकली हैं या नहीं, इसकी पुष्टि आगे की विवेचना और संबंधित कंपनी/विशेषज्ञों की जांच के आधार पर होगी।







