0 सेवानिवृत्ति के बाद नहीं हुई नई पदस्थापना, विकास कार्यों पर असर; अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
करतला । करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत ढोढातराई पिछले लगभग एक माह से सचिव विहीन है। पंचायत सचिव श्याम लाल कंवर के सेवानिवृत्त होने के बाद अब तक किसी नए सचिव की पदस्थापना नहीं की गई है। सचिव का पद लंबे समय से रिक्त रहने के कारण पंचायत के प्रशासनिक और विकास कार्य प्रभावित होने लगे हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि सचिव के अभाव में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन, पंचायत के वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्य तथा विकास योजनाओं की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। कई जरूरी कार्य समय पर नहीं होने से लोगों को बार-बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि सचिव के सेवानिवृत्त होने की जानकारी पहले से होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की। पंचायत जैसे महत्वपूर्ण संस्थान को लंबे समय तक सचिव विहीन छोड़ देना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नए सचिव की पदस्थापना नहीं की गई, तो शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया है कि जब पंचायत में नियमित सचिव ही नहीं है, तो पिछले एक माह से पंचायत का कामकाज किसके जिम्मे संचालित हो रहा है। यदि अतिरिक्त प्रभार किसी अन्य सचिव को सौंपा गया है, तो इसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की गई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत और संबंधित अधिकारियों से तत्काल नए सचिव की पदस्थापना करने की मांग की है, ताकि पंचायत का कामकाज सुचारु रूप से संचालित हो सके और लोगों को राहत मिल सके। हालांकि,इस Vविषय मे पूछे जाने पर जनपद सीईओ ने कहा है कि,प्रस्ताव भेजा गया है, आज-कल में नियुक्ति कर दी जाएगी।



