👉🏻 कटघोरा क्ष्रेत्र की समस्याओं को लेकर 15 अगस्त के अनशन से पहले जागा पालिका प्रशासन
कोरबा-कटघोरा। मूल निवासी किसान संघ छत्तीसगढ़ द्वारा कटघोरा क्षेत्र की जनहित से जुड़ी 3 समस्याओं का निराकरण की मांग को लेकर अध्यक्ष लालबहादुर कोर्राम के नेतृत्व में 11 से 14 अगस्त तक धरना प्रदर्शन तथा 15 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी का सकारात्मक परिणाम आया है। धरना के अंतिम दिवस व 15 अगस्त से होने वाली भूख हड़ताल से पहले पालिका प्रशासन हरकत में आया।
कटघोरा नगर पालिका के सीएमओ के द्वारा एसडीएम को मांगो का निराकरण की लिखित जानकारी देते हुए तथा धरना स्थल अटल परिसर में बैठे लोगों को निराकरण का प्रमाण उपलब्ध कराया गया। इसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त किया गया। साथ ही श्री कोर्राम ने कहा है कि आवारा मवेशियों के सम्बंध में समस्या उत्पन्न हुई तो पुनः आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

श्री कोर्राम ने बताया कि नगर पालिका परिषद कटघोरा द्वारा सघन कार्यवाही करते हुए विचरण कर रहे आवारा मवेशियों को काउ केचर वाहन के माध्यम से पकड़कर ग्राम अमरपुर गौठान में भेजे जाने की जानकारी व तस्वीर सहित प्रमाण दिया है।
सीएमओ ने श्री कोर्राम को बताया कि बस स्टैण्ड के यात्री प्रतिक्षालय में यात्रियों की सुरक्षा हेतु सी.सी.टी.व्ही. कैमरा लगाया गया है। साथ ही बस स्टैण्ड परिसर स्थित सार्वजनिक शौचालय में साफ-सफाई / एवं अन्य व्यवस्था हेतु सुलभ इंटरनेशनल आर्गनाईजेशन संस्था को पत्र लिखा गया है, तथा पालिका सीएमओ के द्वारा निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश देने की जानकारी दी गई है। 3 दिवस के भीतर सार्वजनिक शौचालय में मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने संस्था को कहा गया है।

मूल निवासी किसान संघ के चार दिवसीय धरना प्रदर्शन में लाल बहादुर कोर्राम के साथ देव प्रसाद रत्नाकर, सैय्यद रफीक अहमद, प्रमोद अग्रवाल, शरद कुमार देवांगन, विजय कुमार जायसवाल, धनराज मरकाम, रमेश मरकाम, देव सिंह राम सिंह, अजय कुमार, सुरेन्द्र कंवर आदि ने पूरे समय साथ दिया।


















