0 मानिकपुर और पाली में दो मामले सामने आए, टावरों की निगरानी और कबाड़ कारोबारियों पर भी उठ रहे सवाल
कोरबा। जिले में मोबाइल टावरों में चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। खासकर कॉपर पाइप और वायर चोरों के निशाने पर हैं। विगत दिनों मानिकपुर और पाली थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से सामान चोरी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। टावरों से निकलने वाले कॉपर और अन्य धातु के सामान को कबाड़ में खपाए जाने की आशंका के चलते कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मानिकपुर में टावर के AC की कॉपर पाइप काट ले गए
मानिकपुर थाना क्षेत्र में Jio कंपनी के टावर से करीब 20 हजार रुपए कीमत की कॉपर पाइप चोरी होने का मामला सामने आया है। कंपनी में यूटिलिटी सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत ओम प्रकाश सोनी ने पुलिस को बताया कि उसे फोन से सूचना मिली थी कि राम मंदिर के पीछे स्थित Jio टावर के अंदर कोई व्यक्ति घूम रहा है। सूचना पर वह मौके पर पहुंचा, लेकिन वहां कोई व्यक्ति नहीं मिला।
इसके बाद अधिकारी को इसकी जानकारी दी गई और टावर में लगे कैमरे चेक करवाए गए। कैमरे में एक व्यक्ति टावर के अंदर दिखाई दिया। जांच में पता चला कि उसने टावर के AC में लगे आउटडोर यूनिट की कॉपर पाइप को काटकर चोरी कर लिया है। शिकायत के अनुसार आरोपी करीब आधा कंप्रेसर की कॉपर पाइप ले गया, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(a) और 331(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया है।
पाली में एक्टिव वायर काटकर ले गए चोर
दूसरी घटना पाली थाना क्षेत्र के जरमौहा स्थित इंडस टावर की है। यहां टावर में लगे एक्टिव वायर को काटकर चोरी कर लिया गया। इंडस टावर में टेक्नीशियन के पद पर पदस्थ विवेक कुमार यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह 26 अगस्त को अवकाश लेकर अपने गांव उत्तरप्रदेश चला गया था। 27 अगस्त को उसे सूचना मिली कि जरमौहा टावर की लाइट बंद हो गई है।
इसके बाद उसने टावर के पास रहने वाले कुछ गांव के लोगों को टावर देखने के लिए भेजा। वहां पहुंचने पर लोगों ने देखा कि 3-4 अज्ञात व्यक्तियों ने टावर में लगे एक्टिव वायर को काट दिया था और कुछ तार चोरी करके ले गए थे। लोगों के पहुंचने से पहले ही चोर मौके से भाग चुके थे। विवेक कुमार यादव छुट्टी से लौटने के बाद 13 सितंबर को पाली थाना पहुंचा और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।



