कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथर्रीपारा गणेश चौक में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने की बात पर एक युवक पर कैंची से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में युवक के बाएं चेहरे और बाएं कंधे के पास चोट लगी है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी सागर यादव निवासी पथर्रीपारा के खिलाफ धारा 109(1)-BNS और 119(1)-BNS के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए आवेदन में शनी खैरवार पिता हठारू खैरवार, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम भैसमा थाना उरगा ने बताया कि वह रोजी-मजदूरी का काम करता है। वह अपनी भांजी जीविका यादव को मोटरसाइकिल से उसके घर पथर्रीपारा गणेश चौक छोड़ने के लिए आया था। इसी दौरान शाम करीब 5.30 बजे सागर यादव उसके पास आया और उससे “शराब पीना है” कहकर पैसे मांगने लगा।
शनी के अनुसार, उसने पैसे देने से मना किया तो सागर यादव ने जान से मारने की नीयत से अपने हाथ में रखी कैंची से उस पर हमला कर दिया। कैंची लगने से उसके बाएं चेहरे और बाएं सोल्डर के पास चोट लगी तथा खून निकलने लगा। अचानक हुए हमले से शनी ने चिल्लाना शुरू किया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना को आसपास के लोगों ने देखा और सुना है। इसके बाद वह घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने सिविल लाइन थाना पहुंचा और आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।



