कोरबा। मानिकपुर क्षेत्र स्थित तिवारी फार्म के निकट संचालित बालक आश्रय गृह (खुला) से दो बालक लापता हो गए हैं। मामले में कोतवाली की मानिकपुर चौकी पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 137(2) के तहत सूचना दर्ज कर जांच शुरू की है।
आश्रय गृह के सामाजिक कार्यकर्ता देवी प्रसाद देवांगन ने पुलिस को बताया कि आश्रय गृह में सोम सतनामी 10 वर्ष पिता संतोष दास, निवासी रामसागर पारा तथा अनिक बिंझवार 13 वर्ष पिता मोनू बिंझवार, निवासी गाड़ाघाट कोरबा भी रह रहे थे। 15 सितंबर को सुबह करीब 10:15 बजे दोनों बालक कपड़े सुखाने के लिए आश्रय गृह की छत पर गए थे, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। आसपास तलाश करने के बाद भी दोनों का पता नहीं चलने पर सामाजिक कार्यकर्ता देवी प्रसाद देवांगन ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति दोनों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों बालकों की तलाश शुरू कर दी है।
KORBA में आश्रय गृह से दो बालक लापता,छत से उतरे ही नहीं




