👉🏻 अविनाश व सहयोगियों ने किया रेस्क्यू
कोरबा। शहर में दो अलग-अलग जगहों पर कोबरा की मौजूदगी ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दीं। पोड़ीबहार में एक घर के सोफे के अंदर कोबरा कुंडली मारकर छिपा बैठा था, तो दूसरी ओर 200 प्लांट की वर्कशॉप में अचानक कोबरा निकल आया। दोनों जगह कुछ देर तक दहशत का माहौल रहा। सूचना मिलते ही वन विभाग और RCRS की टीम पहुंची और अध्यक्ष अविनाश यादव ने टीम के सदस्यों के साथ दोनों कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
पहली घटना पोड़ीबहार निवासी सुभाष राठौर के घर की है। यहां परिवार के लोगों को सोफे के अंदर जहरीला कोबरा दिखाई दिया। सांप को इतने करीब देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए और तत्काल वन विभाग एवं RCRS को सूचना दी।
सूचना मिलते ही RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव टीम के सदस्य मानस और उमेश के साथ मौके पर पहुंचे। अविनाश ने सावधानीपूर्वक सोफे में छिपे कोबरा को सुरक्षित बाहर निकालकर रेस्क्यू किया। इस दौरान मानस और उमेश ने आवश्यक सहयोग किया। कोबरा के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
इसी तरह दूसरी घटना कोरबा के 200 प्लांट स्थित वर्कशॉप में हुई। यहां कामकाज के बीच कर्मचारियों की नजर अचानक कोबरा पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग और RCRS को सूचना दी गई। अविनाश यादव टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर करने के बाद दोनों ने कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस दौरान सांप को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
वन विभाग और RCRS टीम ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे स्वयं पकड़ने या मारने की कोशिश करें। सुरक्षित दूरी बनाकर तत्काल वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
वन विभाग और RCRS टीम की अपील—
“सांप दिखे तो वन विभाग और RCRS टीम को कॉल करें — आपकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी।”
RCRS Helpline: 9827917848 | 9009996789 | 7987957958




